नई दिल्ली, Hindi7.com ।। कैब ड्राइवर की चतुराई से दिल्ली में एक युवती की अस्मत तार-तार होने से बच गई। बीते शनिवार को नाइट क्लब से घर जा रही चार लड़कियों की एक कैब को जबरन रोककर पांच लड़कों ने एक युवती का अपहरण कर लिया। इसके बाद कैब ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को कॉल कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना को अंजाम देने वाले पांचों युवकों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य अभी तक फरार हैं। अगवा हुई युवती को सकुशल छुड़ा लिया गया है।

इस वारदात को अंजाम दिया गया था साउथ दिल्ली में। गुड़गांव के सहारा मॉल के नाइट क्लब पीजन में जॉब करने वाली दो लड़कियां अपनी दो रिश्तेदार लड़कियों के साथ अपने घर बदरपुर जाने के लिए बाहर निकलीं। उसी नाइट क्लब में फरीदाबाद से आए पांच युवक जश्न मना रहे थे, क्योंकि इनमें से करतार सिंह [23] ने स्कॉर्पियो खरीदी थी।

जब लड़कियां अपने घर जाने के लिए बाहर निकलीं, तो करतार सिंह ने उनमें से एक युवती [24] के सामने अश्लील पेशकश किया। इस पर नाइट क्लब की कर्मचारी युवती ने उसे झाड़ लगा दी। बाहर आकर चारों लड़कियों ने अपने घर बदरपुर जाने के लिए एक कैब 400 रुपए में ठीक की। इस कैब का ड्राइवर अमित सहरावत [27] मीठापुर का रहने वाला बताया जाता है। जैसे ही कैब आगे बढ़ी, स्कॉर्पियो से पांचों लड़के उनका पीछा करने लगे। इससे पहले युवकों ने अपनी गाड़ी की दोनों नंबर प्लेट उतारकर अंदर रख दी थी।

एम.जी.रोड पर घिटोरनी मेट्रो स्टेशन के पास स्कॉर्पियो ने ओवरटेक कर कैब को रोक लिया। लड़कों ने दो लड़कियों को खींचा। जबर्दस्त मारपीट हुई। कैब ड्राइवर अमित की भी पिटाई हुई। चारों लड़कियों के सेलफोन इन लड़कों ने छीन लिए, लेकिन अमित का फोन अंधेरे में गिर गया। नाइट क्लब में जवाब देने वाली युवती को स्कॉर्पियो में खींचकर लड़कों ने बैठा लिया। कैब ड्राइवर अमित ने अपना सेलफोन खोजकर 100 नंबर पर कॉल कर दिया।

डीसीपी साउथ छाया शर्मा ने बताया कि मांडी गांव, जौनापुर और आया नगर में करीब 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद तड़के 4:30 बजे लड़की को सकुशल बरामद कर करतार और प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके बाकी साथी रमेश नागर, दीपक और अरुण फरार हैं। पांचों लड़के फरीदाबाद के रहने वाले हैं।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here