नई दिल्ली ।। भारत और थाईलैंड मौसम पूर्वानुमान और सुनामी चेतावनी प्रणाली के क्षेत्र में परस्पर सहयोग करेंगे। सोमवार को यह जानकारी केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान और आयोजना राज्यमंत्री डॉ. अश्वनी कुमार ने दी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार थाईलैंड के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री सुरासवाडी प्लोडप्रसोप के साथ टोक्यो में आयोजित एक बैठक में इस सम्बंध में विचार-विमर्श किया गया।

दोनों मंत्री मानव के भविष्य के लिए विजन और प्रौद्योगिकी विषय पर आयोजित एसटीएस फॉरम की 8वीं वार्षिक बैठक में भाग ले रहे हैं। थाईलैंड के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ने सामान्य रूप से समुद्र विज्ञान और पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग करने की गहरी इच्छा व्यक्त की।

डॉ. कुमार ने थाईलैंड के मंत्री को हैदराबाद स्थित आईएमसीओआईएस की कार्यप्रणाली को देखने और भारत में पृथ्वी वैज्ञानिकों के साथ अगले परामर्श के लिए आमंत्रित किया।

कुमार ने स्विट्जरलैंड के शिक्षा और अनुसंधान के स्टेट सेक्रेट्री डॉ. मौरो डेल एम्ब्रोजियो से भी मुलाकात की। स्विट्जरलैंड के मंत्री ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के भावी क्षेत्र में भारत द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। कुमार ने उन्हें भारत आने का न्योता दिया।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here