
लंदन ।। गायिका कैटी पेरी हाथी की एक मूर्ति की नीलामी कर रही हैं। उन्होंने सहायतार्थ पैसा जुटाने के लिए इस मूर्ति को डिजाइन किया था।
पेरी एशियाई हाथियों के संरक्षण के लिए कोष जुटाने को इस हाथी की मूर्ति की नीलामी कर रही हैं। वह कलाकार एरिन लारियो के साथ इस मूर्ति को सजा रही हैं।
पेरी ने इस मूर्ति को ‘डम्बिना’ नाम दिया है और वह इसे तरह-तरह के रंगों से सजा रही हैं।
उन्होंने कहा, “मेरा हाथी मेरी कैलीफोर्निया ड्रीम्स संगीत यात्रा व जादुई शहर कैंडीफोर्निया से प्रेरित है। हाथी को सजाने के लिए जिन चीजों का इस्तेमाल हुआ है, वे उतनी ही कीमती हैं जितने कि एशियाई हाथी। उन्हें हमारे संरक्षण की आवश्यकता है। चलिए जागरूकता बढ़ाएं।”
इटली के मिलान शहर में हाथी की इस मूर्ति की नीलामी होगी।