पर्थ ।। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का पश्चिमी आस्ट्रेलिया में रविवार शाम अभिनंदन किया गया। अभिनंदन समारोह में भारतीय समुदाय के विशिष्ट जनों, प्रमुख स्थानीय राजनीतिज्ञों, क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट आदि ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

राज्य में 45,000 लोगों के मजबूत समुदाय में से 500 से अधिक सदस्यों सहित पर्थ की मेयर लीजा स्कैफिदी, राज्य सरकार के कई मंत्रियों, हैंकाक प्रॉस्पेक्टिंग की वारिस जीना रिनहर्ट व गिलक्रिस्ट ने अंसारी का तह-ए-दिल से स्वागत किया। अंसारी ने पर्थ से अपने लम्बे जुड़ाव और भारत-आस्ट्रेलिया सम्बंधों के बारे में अपने विचार रखे। अंसारी, 1985-89 के दौरान आस्ट्रेलिया में भारतीय राजदूत रहे।

अंसारी ने भारत और आस्ट्रेलिया के बीच प्रारम्भिक सम्पर्को के सूत्र जोड़े, जब 1800 में ऊंटहारे बम्बई से आस्ट्रेलिया पहुंचे थे और उन्होंने समुद्र से लगे क्षेत्र की खोज करने में आस्ट्रेलियाइयों की मदद की थी। भूलवश उन ऊंटवानों को आस्ट्रेलिया में अफगानी कहा गया। उन ऊंटवानों की स्मृतियां महान ‘घान ट्रेन’ के नाम में आज भी मौजूद हैं, जो दक्षिण में एडिलेड से उत्तर में स्प्रिंग्स तक चलती है।

अंसारी राष्ट्रमंडल देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक (चोगम) में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने पर्थ पहुंचे थे। अंसारी ने बताया कि किस तरह भारत और आस्ट्रेलिया के लोगों ने कंधे से कंधा मिलाकर दोनों विश्व युद्धों को लड़ा था, और किस तरह दोनों देशों के सम्बंध मजबूत राजनीतिक सम्बंधों, वैज्ञानिक सम्पर्को में विकसित हुए और अब भारतीय कम्पनियां आस्ट्रेलिया में निवेश कर रही हैं और आस्ट्रेलियाई कम्पनियां भारत में।

रिनहर्ट वित्तीय सम्बंधों को गहरा बनाने में अपनी भूमिका निभा रही हैं, और हाल ही में उन्होंने हैदराबाद की कम्पनी, जीवीके के साथ 1.26 अरब डॉलर के एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था। इस समझौते को भारतीय कम्पनी द्वारा क्वींसलैंड के गैलिली बेसिन में कोयले की खदानों में एक बड़ी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के रूप में देखा जा रहा है।

नामी-गिरामी हस्तियों के अलावा भारतीय समुदाय के अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और अंसारी के साथ फोटो खिंचवाए।

प्रमाणित वित्तीय योजनाकार और पश्चिमी आस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के अध्यक्ष अनिल जैन ने भी अंसारी के साथ फोटो खिचाया। जैन ने कहा कि जब भी इसतरह का कोई अवसर आता है भारतीय मूल के लोग एक जगह इकट्ठा होकर आपस में मिलना-जुलना पसंद करते हैं।

जैन ने कहा, “हम होली, दीपावली, स्वतंत्रता दिवस व गणतंत्र दिवस के समारोह मनाते हैं। इस बार दीपावली पर 20,000 लोग जमा हुए थे और आतिशबाजी का एक बड़ा प्रदर्शन हुआ था।”

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here