काबुल ।। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति बुरहानुद्दीन रब्बानी का अंतिम संस्कार शुक्रवार को होने जा रहे है। इसके लिए काबुल में बेहद कड़ी सुरक्षा का बंदोबस्त किया गया है।
गत मंगलवार को एक आत्मघाती हमले में उनकी मौत हो गई थी। यह हमला उनके घर पर ही किया गया था।
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा है कि तालिबान की ओर से शांति प्रस्ताव लेकर आने वाले एक संदेश वाहक ने अधिकारियों को धोखा देकर उनकी हत्या की है।
उल्लेखनीय है कि बुरहानुद्दीन रब्बानी अफगानिस्तान शांति परिषद से प्रमुख थे और तालिबान के साथ शांति वार्ता में उनकी अहम भूमिका थी।
उधर, एक खबर के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति रब्बानी के अंतिम संस्कार को लेकर उनके समर्थकों और अधिकारियों के बीच तीखा वाद-विवाद हुआ है। अफगान मुजाहिदीन के संस्थापक रहे रब्बानी के समर्थक चाहते हैं कि उनके अंतिम संस्कार से जुड़ा हर कार्यक्रम सार्वजनिक रुप से किया जाए, जिससे कि रब्बानी के हजारों समर्थकों को इसमें हिस्सा लेने का मौका मिल सके।
वहीं, अफगान सरकार चाहती है कि अंतिम संस्कार एक निजी कार्यक्रम की तरह ही किया जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। बड़ी भीड़ को देखकर संभव है तालिबानी कोई नया हमला करें।














