यंगून ।। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने शुक्रवार को लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची से दोबारा मुलाकात की। दोनों के बीच म्यांमार में मानवाधिकारों और लोकतंत्र की स्थिति पर चर्चा होने की उम्मीद है। 

वेबसाइट ‘बीबीसी डॉट को डॉट यूके’ के मुताबिक बीते 50 साल में क्लिंटन ऐसी पहली अमेरिकी विदेश मंत्री हैं जो म्यांमार यात्रा पर पहुंची हैं। उन्होंने गुरुवार रात सू ची के साथ निजी रात्रिभोज पर मुलाकात की थी। दोनों ने शुक्रवार को दोबारा सू ची के यंगून स्थित आवास पर मुलाकात की। इसी आवास में सू ची को वर्षो तक नजरबंद रखा गया था।

सू ची के नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी दल को हाल ही में एक राजनीतिक दल के रूप में दोबारा मान्यता दी गई है। आने वाले संसदीय उप-चुनावों में उनके हिस्सा लेने की उम्मीद है।

म्यांमार में 1962 से पिछले साल तक क्रूर सैन्य शासन रहा है। इस शासन की शुरुआत से ही अमेरिका ने यहां के शीर्ष नेताओं पर कड़े प्रतिबंध लगाए हुए हैं। अब इस साल हुए कुछ सुधारों के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि बरसों से अलग-थलग पड़े म्यांमार के दिन बदलने वाले हैं। 

क्लिंटन ने गुरुवार को राष्ट्रपति थेन सेन से भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद क्लिंटन ने कहा था, “यदि आप सही दिशा में आगे बढ़ते हैं तो अमेरिका आपके साथ सुधार के मार्ग पर चलने के लिए तैयार है।”

दोनों नेताओं के बीच कूटनीतिक सम्बंधों पर चर्चा हुई। अमेरिका ने कहा कि वह विश्व बैंक व अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के म्यांमार के साथ रिश्तों में कुछ बदलावों का समर्थन करेगा।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here