स्टॉकहोम ।। कनाडा में जन्मे कोशिका जीवविज्ञानी राल्फ स्टेनमेन को शरीरक्रिया विज्ञान या चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार दिया जाना था लेकिन इससे तीन दिन पहले ही उनका निधन हो गया। अब नोबेल समिति ने सोमवार को कहा है कि स्टेनमेन नोबेल विजेताओं में शामिल रहेंगे।

स्टेनमेन ने रोग प्रतिरोधक तंत्र की प्रतिरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली कोशिकाओं की खोज की थी। उन्हें इस साल का शरीरक्रिया विज्ञान यानी चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार मिलना था। उनके साथ ब्रूस ब्यूटलर व जूल्स हाफमैन को भी यह पुरस्कार मिलना था।

पहले स्टेनमेन को इस पुरस्कार को दिए जाने को लेकर आशंका बनी हुई थी क्योंकि नोबेल पुरस्कार दिए जाने के नियमों के मुताबिक यह पुरस्कार मरणोपरांत नहीं दिया जा सकता।

साल 1974 से ही किसी को भी मरणोपरांत नोबेल पुरस्कार नहीं दिया गया है। वैसे नोबेल समिति ने स्पष्ट किया है कि उसने स्टेनमेन को मरणोपरांत यह पुरस्कार देने का निर्णय लिया है।

नोबेल समिति ने स्टेनमेन को पुरस्कार देने के अपने फैसले का बचाव करते हुए एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि स्टेनमेन को पुरस्कार देने का निर्णय तब लिया गया था जब वह जीवित थे।

अमेरिका के रॉकफेलर विश्वविद्यालय के मुताबिक स्टेनमेन का 30 सितम्बर को निधन हो गया था। वह अग्नाशय कैंसर से पीड़ित थे।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here