वाशिंगटन ।। अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की मां डोरोथी हॉवेल रोडम का मंगलवार को निधन हो गया। वह 92 साल की थीं और बीते कुछ समय से बीमार चल रही थीं।

क्लिंटन ने वाशिंगटन के एक अस्पताल में अपनी मां के नजदीक रहने की खातिर अपनी लंदन व इस्तांबुल की पूर्वनिर्धारित यात्रा रद्द कर दी थी।

साल 1919 में शिकागो में जन्मीं रोडम शहर के एक अग्निशमनकर्मी की बेटी थीं। उनके माता-पिता के 1927 में तलाक ले लेने के बाद रोडम व उनकी बहन को कैलीफोर्निया में अपने नाना-नानी के पास रहना पड़ा था।

उन्होंने 1942 में शिकागो में ह्यूग ई. रोडम से विवाह किया। ह्यूग एक सफल व्यवसायी थे।

अपनी बेटी की प्रसिद्धि के बावजूद रोडम खुद के, बेटी के व अपने दामाद, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के सम्बंध में सार्वजनिक रूप से कभी-कभार ही चर्चा करती थीं।

वैसे जब 2008 में क्लिंटन वर्तमान राष्ट्रपति बराक ओबामा के खिलाफ राष्ट्रपति चुनाव लड़ रही थीं तब रोडम कई बार अपनी बेटी के साथ नजर आईं।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here