नई दिल्ली ।। जापान के साथ बेहतर द्विपक्षीय सम्बंध के लिए जहां विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा टोक्यो में रणनीतिक वार्ता कर रहे हैं, वहीं अगले सप्ताह रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी टोक्यो की यात्रा की तैयारी कर रहे हैं।

कृष्णा अपने जापानी समकक्ष कोईचिरो गेम्बा के साथ पांचवें दौर की रणनीतिक वार्ता के लिए टोक्यो में हैं। उनके बीच समुद्री लुटेरों, आतंकवादियों और जलवायु परिवर्तन की समस्या से संयुक्त रूप से निपटने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने का अनुमान है।

दोनों मंत्रियों के बीच नागरिक परमाणु सहयोग पर भी विचार होने का अनुमान है।

दोनों मंत्री अमेरिका-जापान-भारत त्रिपक्षीय वार्ता के लिए तिथि का भी निर्धारण कर सकते हैं, जो चीन के लिए विशेष चिंता का कारण बना हुआ है।

रक्षा मंत्री एंटनी दो नवम्बर को टोक्यो का दौरा करेंगे। वह वहां जापानी समकक्ष याशो इचिकावा के साथ क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा, अदन की खाड़ी में समुद्री लुटेरों से सुरक्षा, मानवीय सहयोग और आतंकवाद से निपटने में सहयोग जैसे मुद्दे पर बात करेंगे।

एंटनी के साथ रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा और कुछ वरिष्ठ सैन्य अधिकारी होंगे।

इसके अलावा दोनों मंत्री दिसम्बर में जापान के प्रधानमंत्री योशिहिको नोडा की भारत यात्रा की तैयारी पर चर्चा करेंगे।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here