न्यूयार्क ।। विश्व के पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त और 16 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता स्विटजरलैंड के टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर दुनिया के सबसे सम्मानित और विश्वसनीय हस्तियों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला के बाद दूसरे स्थान पर हैं।

 रेपुटेशन इंस्टीट्यूट द्वारा हाल ही कराए गए एक वैश्विक सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। वैश्विक स्तर पर 25 देशों में किए गए इस सर्वेक्षण में 50, 000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इस सूची में मंडेला शीर्ष पर है जबकि फेडरर दूसरे स्थान पर हैं। खिलाड़ियों की श्रेणी में फेडरर शीर्ष पर हैं।

फेडरर के बाद खिलाड़ियों की सूची में अमेरिका के बेसबॉल खिलाड़ी डेरेक जेटर को दूसरा सबसे सम्मानित और विश्वसनीय खिलाड़ी आंका गया है जबकि ओवरऑल सूची में जेटर 16वें स्थान पर हैं।

इंग्लैंड के पूर्व फुटबाल खिलाड़ी डेविड बेकहम ओवरऑल सूची में 24वें स्थान पर हैं। इस सूची में फेडरर ने बिल गेट्स, स्टीव जॉब्स, ओपराह विनफ्रे और बोनो, भारतीय उद्योगपति रतन टाटा और एलिजाबेथ द्वितीय को पीछे छोड़ा।

रेपुटेशन संस्थान के अध्यक्ष डॉ. चार्ल्स फॉमब्रून के मुताबिक, “लोग उस नेता या सेलिब्रेटी का सम्मान करते हैं जो परोपकारी कार्यो में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस सूची में लोगों ने शीर्ष दो में मंडेला और फेडरर को रखा है। इन दोनों का दक्षिण अफ्रीका से भावनात्मक सम्बंध है। दोनों जरूरतमंदों की बेहतरी के लिए हरसम्भव मदद करते हैं।”

उल्लेखनीय है कि हाल में 30 वर्षीय फेडरर क्वींसलैंड बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सामने आए थे। फेडरर ने अपनी संस्था के माध्यम से बाढ़पीड़ितों की मदद की थी। रोजर फेडरर संस्था इथोपिया, दक्षिण अफ्रीका, मालावी, तंजानिया, जिम्बाब्वे और स्विटजरलैंड में शिक्षा और खेल की परियोजनाओं को बढ़ावा देती है।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here