जेनेवा ।।  रूस को शुक्रवार को विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में शामिल कर लिया गया। रूस के इस प्रयास को दुनिया भर के व्यापार मंत्रियों ने मंजूरी दे दी। 

समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार, डब्ल्यूटीओ से जुड़ने सम्बंधी संधि पत्र पर रूस की तरफ से आर्थिक विकास मंत्री, एलविरा नाबिउलिना और डब्ल्यूटीओ की तरफ से उसके महानिदेशक पास्कल लेमी ने हस्ताक्षर किए। 

रूसी उपप्रधानमंत्री इगोर शुवालोव, स्विट्जरलैंड की राष्ट्रपति मिशेलिन केमी-रे, और डब्ल्यूटीओ के सदस्य देशों के मंत्री संधि पत्र पर हस्ताक्षर किए जाने के मौके पर मौजूद थे।

रूस 1993 से ही डब्ल्यूटीओ से जुड़ने की कोशिश कर रहा है। इस संगठन में प्रवेश के रूस के रास्ते में अंतिम रोड़ा जार्जिया रहा है। अगस्त 2008 में रूस और जार्जिया के बीच हुए संक्षिप्त युद्ध के बाद से ही जार्जिया रूस के डब्ल्यूटीओ में शामिल होने का विरोध कर रहा था। रूस और जार्जिया में यह युद्ध जार्जिया द्वारा दक्षिण ओसेतिया पर हमला किए जाने के दौरान हुआ था।

इस युद्ध के बाद रूस ने दक्षिण ओसेतिया की आजादी और एक अन्य पूर्व जार्जिया गणराज्य, अबखाजिया की आजादी को मान्यता दे दी थी। 

शुक्रवार को पहले डब्ल्यूटीओ के मंत्रियों की बैठक में डब्ल्यूटीओ से जुड़ने से सम्बंधित रूस के सभी दस्तावेजों को मंजूरी दी गई। इन दस्तावेजों में वस्तुओं एवं सेवाओं की बाजार तक पहुंच सुनिश्चित कराने की वचनबद्धता भी शामिल थी।

रूस द्वारा इस संधि को मंजूरी दिए जाने के 30 दिनों के भीतर यह डब्ल्यूटीओ के सभी अधिकारों और जिम्मेदारियों के साथ इस अंतर्राष्ट्रीय संगठन का एक पूर्ण सदस्य बन जाएगा। सम्भवत: यह स्थिति 2012 के गर्मी तक अपने अंतिम निष्कर्ष तक पहुंच जाएगी।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here