फिल्म – ‘साउंडट्रैक’

मुख्य कलाकार – राजीव खंडेलवाल, सोहा अली खान, मोहन कपूर, यतिन कर्येकर और मृणालिनी शर्मा।

निर्देशक – नीरव घोष

निर्माता- संजीव गोयनका और अपूर्व नागपाल

फिल्म की कहानी –  ‘साउंडट्रैक’ एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है।कहानी पूरी तरह से रौनक कॉल(राजीव खंडेलवाल) के इर्द-गिर्द घूमती है। रौनक अपने पिता की मृत्यु के बाद अपने सपने को पूरा करने के लिए मुंबई आता है। वह अपने स्वर्गीय पिता के दोस्त के नाइट क्लब ‘टैंगो चार्ली’ में डीजे बन जाता है। देर रात तक चलने वाली पार्टियां, पार्टी में बहती महंगी शराब, तेज आवाज में बजता संगीत, नाइट क्लब की हॉटेस्ट गर्ल (मृणालिनी शर्मा) का साथ और दोस्तों का एक समूह उसका परिवार बन जाता है। लेकिन रौनक तो फिल्मों में संगीत देना चाहता है औऱ उसे एक दिन मौका भी मिल जाता है। लेकिन जिंदगी को कुछ और ही मंजूर था। दिन-रात तेज आवाज के बीच रहने के कारण उसे सुनाई देना बंद कर देता है। वह बहरा हो जाता है।

इस कुंठा और अकेलेपन से घिरा रौनक ड्रग्स भी लेने लगता है। इसी दौरान उसकी लाइफ में एक खूबसूरत लड़की गौरी(सोहा अली खान) की इंट्री होती है। वह एक क्लासिकल डांसर है और रौनक की तरह वह भी सुन नहीं सकती है। एक बार रौनक कथक डांस देखता है और संगीत को महसूस करता है। इससे उसे एक नई दिशा मिलती है।

अभिनय – राजीव खंडेलवाल ने साउंडट्रैक में बेहद ही अच्छे अभिनय का प्रदर्शन किया है।एक ड्रग एडिक्ट की भूमिका में राजीव ने जान डाल दी है। उन्होंने फिल्म में अलग-अलग शेड्स को पर्दें पर साकार किया है जो केवल उन जैसा एक्टर ही कर सकता था। सोहा अली खान ने एक बधिर लड़की की भूमिका ऐसे निभाई है जैसे वे सचमुच में ही बधिर हैं। मोहन कपूर और मृणालिनी शर्मा ने अच्छा अभिनय किया है।

फिल्म का प्रस्तुतिकरण – नीरव घोष ने साउंडट्रैक के साथ एक बेंचमार्क सेट किया है। इसके जरिए उन्होंने यह भी साबित कर दिया कि वे इंडस्ट्री में नए नहीं हैं।  एक डेब्यू डायरेक्टर की इससे अच्छी औऱ क्या लांचिंग हो सकती है। नीरव ने कैमरा मूवमेंट्स व डायरेक्शन के साथ कुछ नया करने की कोशिश की है और इसमें बहुत हद तक वे सफल भी रहे हैं।

संगीत – फिल्म का म्यूजिक इसके हर हिस्से के साथ संतुलन बिठाते हुए चलता है लेकिन कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाता है। इस म्यूजिकल फिल्म से लोगों की जो उम्मीदों थीं उसपर इसने पानी फेर दिया है। 

हमारी राय – अगर आप एक गंभीर और साफ-सुथरी फिल्म देखना पसंद करते हैं तो यह फिल्म आपको अच्छी लगेगी। फिल्म काफी दमदार है।

 

[ कुलवीर]


Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here