सिताबदियारा/छपरा ।। भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की जन चेतना यात्रा मंगलवार को प्रारम्भ हो गई। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

यह यात्रा छपरा से राजधानी पटना पहुंचेगी जहां एक विशाल जनसभा को आडवाणी सम्बोधित करेंगे। वह रात्रि विश्राम पटना में ही करेंगे।

इसके पूर्व मंगलवार को छपरा और सिताबदियारा में आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए आडवाणी ने कहा कि यात्रा का मुख्य मकसद लोगों में भ्रष्टाचार के खिलाफ संकल्प पैदा करना है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति अपने कर्तव्य निर्वहन में अनैतिकता को नहीं आने दे।

उन्होंने कहा कि 21वीं शताब्दी को वह भारत की सदी बनाकर छोड़ेंगे। आज बिहार में विकास की बयार बह रही है, इस कारण उन्होंने अपनी जन चेतना यात्रा की शुरुआत बिहार से करने के बारे में सोचा है।

लोकनायक जयप्रकाश की जन्मस्थली सारण के सिताबदियारा में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में आगे बढ़ने का सामथ्र्य है, परंतु यहां लोगों के बीच विश्वास नहीं अनास्था पैदा हो गई है। आडवाणी ने कहा कि आजादी के इतने वषरें के बाद आज सिताबदियारा में बिजली आई है, यह केवल एक गांव की कहानी नहीं हैं। देश में ऐसे कई गांव है जिनकी कहानी यही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1974 में जयप्रकाश ने भ्रष्टाचार के खिलाफ गैर कांग्रेसी दलों को एकत्र करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज जेपी नहीं होते तो लोकतंत्र वापस नहीं आता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों के बाद स्वराज तो आ गया, परंतु अभी सुराज नहीं आया।

आडवाणी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार समेत जहां भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार है वहां विकास हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो-तीन वर्षो से आम आदमी केंद्र सरकार से परेशान है। आज प्रत्येक व्यक्ति पूछ रहा है कि क्या सरकार ऐसे ही चलेगी, क्या ऐसा ही घोटाले होते रहेंगे।

उन्होंने यात्रा के उद्देश्य के विषय में कहा कि कि इसका उद्देश्य सता परिवर्तन नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन है।

इसके पूर्व आडवाणी पटना हवाई अड्डे से सीधे सिताबदियारा पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जेपी की जन्मस्थली जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके साथ सुषमा स्वराज, अरूण जेटली समेत तमाम भाजपा नेता मौजूद थे।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here