नई दिल्ली ।। अनंत चतुर्दशी के मौके पर रविवार को गणेशोत्सव के अंतिम दिन ‘गणपति बप्पा मोरया.. अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोषों के बीच महाराष्ट्र सहित देशभर की विभिन्न नदियों एवं जलाशयों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

शहरों में शोभायात्रा निकली गईं और श्रद्धालु अबीर-गुलाल से सराबोर हुए। इस दौरान सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई थी। मुम्बई में हालांकि छज्जा गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह घायल हो गए।

मुम्बई में प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाए जाने वाले मार्ग भी सार्वजनिक मार्ग से अलग कर दिए गए। यहां की मेयर श्रद्धा जाधव के अनुसार, मुम्बई के समुद्र तट पर 4,158 सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं और 27,530 निजी प्रतिमाओं के लिए विसर्जन के 88 स्थान बनाए गए।

शहर में सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई। ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम [जीपीएस] और वीडियो सर्विलांस के जरिए पुलिस निगरानी रखे रही, ताकि इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

यातायात पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “प्रतिमा ले जाने वाली गणेश मंडल की प्रमुख गाड़ियों पर वीडियो कैमरे और जीपीएस लगाए गए। यातायात नियंत्रण कक्ष में विसर्जन के सीधे प्रसारण का फुटेज देखने की व्यवस्था थी।”

मुम्बई में पिछले सप्ताह दिल्ली उच्च न्यायालय के बाहर हुए बम विस्फोट के बाद आतंकवादी हमले की आशंका को देखते हुए गणेश प्रतिमा विसर्जन पर मुम्बई ही नहीं, पूरे महाराष्ट्र में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई।

मुम्बई के पुलिस आयुक्त अरूप पटनायक ने संवाददाताओं से कहा, “हमने सभी स्थानों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की, सड़कों पर नाकेबंदी की। वाहनों तथा अन्य चीजों की लगातार तलाशी ली जा रही है।”

मुम्बई में गणेश प्रतिमा विसर्जन के जुलूस के दौरान छज्जा गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। लोग जुलूस देखने के लिए छज्‍जो पर चढ़े हुए थे। यह घटना भारतमाता इलाके में, उस समय हुई जब प्रसिद्ध लालबाग के ‘राजा’ को देखने के लिए छज्‍जो पर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई।

घायलों को केईएम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया है और अन्य छह लोग घायल हैं और इसमें दो लड़कियों की हालत चिंताजनक है।

भोपाल में विभिन्न नदियों एवं जलाशयों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। ढोल-नगाड़ों की थापों के बीच शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे रहे। बड़ा तालाब सहित अन्य स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर स्थापित गणेश प्रतिमा का भी विसर्जन किया गया। चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ बड़ा तालाब के प्रेमपुरा घाट पर पहुंचे जहां उन्होंने पूरे धार्मिक विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया।

इसी तरह प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी शोभायात्रा निकाली जा रही है। प्रदेश से गुजरने वाली प्रमुख नदियों बेतवा, नर्मदा, क्षिप्रा, धसान, सिंध व सोन में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।

आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में गणपति विसर्जन के लिए सुरक्षा के भारी बंदोबस्त किए गए।

ढोल-नगाड़ों एवं ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच हुसैनसागर झील सहित शहर के अन्य तालाबों में प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया।

मुख्य उत्सव शहर के बाहरी इलाके में स्थित बालापुर में सुबह शुरू हुआ। शहर में 30 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए। पुलिस ने चारमीनार के इलाके में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए। ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में शांतिपूर्वक दोपहर की नमाज अता की गई।

राज्य के पुलिस महानिदेशक दिनेश रेड्डी ने शहर का हवाई निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार शहर में करीब 50 हजार गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं।

चारमीनार इलाके में गणेश प्रतिमाओं की अगवानी करते हुए राज्य की गृह मंत्री सविता रेड्डी ने आयोजकों एवं लोगों से शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य परिवहन विभाग 350 विशेष बसों का संचालन कर रहा है। इसके अलावा 15 विशेष स्थानीय रेल गाड़ियां भी चलाई गई हैं।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here