पटना ।। नेपाल के तराई क्षेत्रों में बारिश के कारण उत्तर बिहार की नदियां उफान पर हैं। इससे राज्य के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गम्भीर बनी हुई है। इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया है।

बागमती नदी का पानी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 77 के बसंतपुर लचका पर आ जाने के कारण सीतामढ़ी और शिवहर जिले का मुजफ्फरपुर और पटना से सड़क सम्पर्क पूरी तरह खत्म हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर और मधुबनी जिले के 30 प्रखंड बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हैं।

मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड के 110 और कटरा प्रखंड के करीब 50 गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है। कई जिलों में तटबंध टूट जाने के कारण बाढ़ की स्थिति और भयावह हो गई है। कटिहार में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्घि के कारण लगभग दो दर्जन गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।

इस बीच दरभंगा-सीतामढ़ी रेल मार्ग पर पुण्डी के पास रेलवे लाइन पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। समस्तीपुर रेल मंडल के क्षेत्रीय रेल प्रबंधक सत्यप्रकाश द्विवेदी के अनुसार फिलहाल इस मार्ग पर दरभंगा से जनकपुर के बीच रेल का परिचालन किया जा रहा है।

इधर, मुख्यमंत्री ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर संबंधित जिलाधिकारियों को पीड़ितों के बीच जल्द राहत पहुंचाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बाढ़ से हुई क्षति का भी आकलन करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि सरकार बाढ़ पीड़ितों को हरसम्भव मदद देगी।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here