नई दिल्ली, Hindi7.com ।। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में जरूरी फेरबदल कर दिया गया है। पहले के सात मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, तो वहीं कुछ मंत्रियों के विभागों की अदल-बदल की गई है। नये चेहरों के तौर पर तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी और कांग्रेस के वी किशोर चंद्रदेव को मौका मिला है।

प्रधानमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी को रेलमंत्री बनाया गया है। इस तरह ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने से खाली हुआ रेल मंत्रालय तृणमूल कांग्रेस के पास ही रह गया है। कांग्रेस के वी किशोर चंद्रदेव को आदिवासी मामले और पंचायती राज का मंत्री बनाया गया है।

प्रधानमंत्री का आदेश न मानने वाले राज्य मंत्री मुकुल रॉय से रेलवे विभाग तो छीन लिया गया, लेकिन जहाजरानी मंत्रालय उनके पास बरकरार रखा गया है। ई. अहमद विदेश एवं मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री होंगे, जबकि राजीव शुक्ला संसदीय कार्य राज्य मंत्री होंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन, कांग्रेस के मुख्य सचेतक पवन सिंह घाटोवार स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों के तौर पर मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। जयंती नटराजन को पर्यावरण और सलमान खुर्शीद को विधि मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा, पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश को तरक्की दी गई है। अब ये स्वतंत्र प्रभार से कैबिनेट मंत्री बन गये हैं। माना जा रहा है कि यूपी में अगले साल होने वाले चुनावों को ध्यान में रखकर बेनी प्रसाद वर्मा को कैबिनेट में शामिल किया गया है। जयराम को बेहतर काम का इनाम मिला है। जयराम रमेश को ग्रामीण विकास मंत्रालय सौंपा जाएगा। अब तक ग्रामीण मंत्रालय देख रहे विलास राव देशमुख को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी व पृथ्वी विज्ञान मंत्री बनाया जाएगा। कानून मंत्री वीरप्पा मोइली को कारपोरेट मामलों का मंत्रालय सौंपा गया है।

तृणमूल कांग्रेस के मुख्य सचेतक सुदीप बंदोपाध्याय, कांग्रेस के नेता चरण दास महंत, जितेन्द्र सिंह, मिलिंद देवड़ा, राजीव शुक्ला राज्यमंत्री के तौर पर कैबिनेट में शामिल होंगे। मिलिंद देवड़ा संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री होंगे। पवन कुमार बंसल को जल संसाधन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

नये फेरबदल से मनमोहन की टीम को तीन नये कैबिनेट मंत्री, 4 स्वतंत्र राज्य मंत्री और 5 राज्य मंत्री मिल गये हैं।

पांच मंत्रियों एमएस गिल, बीके हांडिक, कांति लाल भूरिया, साई प्रताप और अरुण एस यादव को मंत्रिमंडल से हटा दिया गया है। दयानिधि मारन और मुरली देवड़ा के इस्तीफे को स्वीकार करने के लिए राष्ट्रपति के पास भेज दिया गया है।

माना जा रहा था कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मंगलवार की शाम को अपने कैबिनेट में फेरबदल की घोषणा करेंगे, लेकिन आज सुबह 11 बजे ही उनके वेबसाइट पर मंत्रियों और उनके मंत्रालयों की घोषणा कर दी गई। इस तरह से शाम पांच बजे राष्ट्रपति द्वारा शपथ दिलाना महज खानापूर्ति ही रह गया है।

यूपीए के नये मंत्री और उनके मंत्रालय 

कैबिनेट मंत्री 

दिनेश त्रिवेदी – रेल 

वी किशोर चंद्र देव – आदिवासी मामले और पंचायती राज 

बेनी प्रसाद वर्मा – इस्पात 

जयराम रमेश – ग्रामीण विकास 

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) 

श्रीकांत जेना – सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन और रसायन एवं उर्वरक 

जयंती नटराजन – पर्यावरण और वन 

पवन सिंह घाटोवार – पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास 

गुरुदास कामत – पेयजल और स्वच्छता 

राज्य मंत्री 

सुदीप बंदोपाध्याय – स्वास्थ्य और परिवार कल्याण 

चरण दास महंत – कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग 

मिलिंद देवड़ा – संचार और सूचना प्रौद्योगिकी 

जितेन्द्र सिंह – गृह मामले 

राजीव शुक्ला – संसदीय मामले

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here