नई दिल्ली ।। शीतलहर ने पूरे उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले लिया है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं दिख रही है। कश्मीर घाटी, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत समूचे उत्तर भारत में ठंड अपना कहर बरपा रही है।

कुछ दिन की राहत के बाद बीती रात दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में कोहरा लौट आया है। दिल्ली में सोमवार को जबर्दस्त कोहरा छाया रहा। राजधानी में पारा 5 डिग्री सेंटीग्रेट तक गिर गया है। दिल्ली के सफदरगंज स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ठंड के आलम को देखते हुए अगले दो दिनों में तापमान दो डिग्री और गिरने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को राजधानी में बारिश होने के भी आसार हैं। हरियाणा के गुड़गांव में भी सुबह से कोहरे की सफेद चादर छाई रही। कोहरे के कारण सड़कों पर दो-चार मीटर से आगे देखना संभव नहीं हो पा रहा था। गुड़गांव में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है।

जम्मू-कश्मीर में ठंड तेज हो गई है और राजधानी श्रीनगर में कई स्थानों पर रात का तापमान घटने से जलापूर्ति लाइनों में पानी बर्फ में बदल गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

उधर, मध्य प्रदेश भी ठंड की मार झेल रहा है। यहां ग्वालियर, इंदौर में मौसम बेहद सर्द है। पंजाब और हरियाणा भी शीतलहर की चपेट में हैं। राजस्थान में कई स्थानों पर पारा गिर गया है और बेहद ठिठुरन वाली सर्दी पड़ रही है।

उत्तर प्रदेश और बिहार के ज्यादातर हिस्सों में कोहरे का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश में ठंड से अब तक 60 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। लखनऊ, कानपुर, आगरा में ठंड और कोहरा लगातार बना है। तेज हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। सोमवार को नोएडा में भी कोहरे की पतली चादर छाई रही।

झारखंड में कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल हो गया है। पहाड़ी राज्य होने के कारण पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। पिछले 24 घंटे में रांची का कांके सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 1.8 दर्ज किया गया है, जबकि रांची का तापमान 5.8 दर्ज किया गया है। कांके का अधिकतम तापमान 21.3 और रांची का 23.5 दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। अगले 24 घंटे तक तापमान इसी तरह बना रहेगा।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here