नई दिल्ली ।। राजधानी दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को ईद-उल-जुहा यानी बकरीद पर हजारों लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। दिल्ली के जामा मस्जिद सहित देशभर की मस्जिदों में ‘अल्लाह हो अकबर’ की गूंज सुनी गई।

जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा, “जामा मस्जिद खचाखच भरी हुई थी। सुबह 8.30 बजे हजारों लोगों ने नमाज अदा की। नमाज आमतौर पर सूर्योदय के एक घंटे 15 मिनट बाद अदा की जाती है।”

जामा मस्जिद के अलावा फतेहपुर मस्जिद, ईदगाह मस्जिद में भी नमाज अदा करने वालों की भीड़ देखी गई। बकरीद पर अल्लाह को खुश करने के लिए बकरों और भेड़ों की कुर्बानी देने की परम्परा है। दिल्ली के कई इलाकों में उच्च प्रजाति के भेड़-बकरों की बिक्री हुई। मेवाती, बारबरी, देसी और तोतापुरी प्रजातियों की मांग ज्यादा थी, जिन्हें पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश और राजस्थान से लाया गया था।

भोपाल में ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में बकरीद पर विशेष नमाज अदा की गई। ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे फिल्म अभिनेता रजा मुराद ने कहा कि यहां उन्होंने पहली बार 50 वर्ष पहले ईद की नमाज अदा की थी। उनके मुताबिक, “यहां ईद के दिन वह खुशी मिलती है, जो शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती। यह कुर्बानी का त्योहार है, जो हमें बहुत कुछ सीख देता है।”

बकरीद पर आंध्र प्रदेश की मस्जिदों, ईदगाहों में भी विशेष नमाज अदा की गई और खुले मैदान में भेड़-बकरों की कुर्बानी दी गई। नमाज के लिए हैदराबाद की ऐतिहासिक मीर आलम ईदगाह में सबसे ज्यादा दो लाख लोग एकत्र हुए। ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में भी सबसे ज्यादा नमाजी एकत्र हुए। राज्य के अन्य शहरों में भी ईद का त्योहार मनाया गया।

जम्मू एवं कश्मीर में सुबह ठंड के बावजूद हजारों लोगों ने बकरीद पर ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। लोगों ने शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारे की कामना की। पुराना शहर इलाके के ऐतिहासिक जामिया मस्जिद में सुबह नमाज अदा करने के लिए हजारों लोग एकत्र हुए। श्रीनगर के ऊपरी इलाके पोलो ग्राउंड्स और हजरतबल दरगाह में भी लोगों ने नमाज अदा की।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके पिता तथा केंद्रीय नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने हजरत बल दरगाह में नमाज अदा की। ईदगाहों और मस्जिदों के आस-पास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। कश्मीर के गांदेरबल, बांदीपोरा, बारामूला और कुपवाड़ा में शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की गई।

बिहार में पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सामूहिक रूप से नमाज अदा की गई। इसी तरह मोतिहारी के खुदानगर स्थित मुख्य ईदगाह मैदान तथा भागलपुर के सीपीएस मैदान में लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। दानापुर में खानकाह-ए-मुजीबिया में बकरीद के मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर नमाज अदा की। वहां राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री श्याम रजक भी उपस्थित थे।

मुम्बई बकरीद पर लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा कर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। इस मौके पर शहर में लगभग पांच लाख बकरों और भेड़ों की कुर्बानी दी गई। अनुमान के मुताबिक केवल पूर्वी मुम्बई के देओनार इलाके में ही लगभग दो लाख बकरों और भेड़ों की कुर्बानी दी गई, जबकि अन्य स्थानों पर तीन लाख बकरों की कुर्बानी दी गई। बकरीद पर कोलाबा, नागपाडा, मुम्बई सेंट्रल, गोवांदी, बांद्रा, सांताक्रूज और अन्य इलाकों में सुरक्षा की खास व्यवस्था की गई थी।

केरल की मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। अधिकांश जगहों पर महिलाओं के लिए नमाज की अलग व्यवस्था की गई थी। तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, कोझिकोड के अलावा मुस्लिम बहुल माल्लापुरम जिले की मस्जिदों भारी भीड़ देखी गई। कन्नूर में बारिश की वजह से लोगों को अपने घरों में ही नमाज अदा की। दक्षिण के सुपरस्टार ममूटी ने शूटिंग से छुट्टियां लेकर कोच्चि स्थित अपने घर में बकरीद मनाई।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here