बेंगलुरू, Hindi7.com ।। सदानंद गौड़ा को गुप्त मतदान के जरिए कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। सीएम चुनने के लिए आज यहां हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में किसी एक नाम को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण, अंतत: गुप्‍त मतदान की व्यवस्था को अपनाया गया। गुप्त मतदान के जरिए येदियुरप्पा के करीबी सदानंद गौड़ा को जीत मिली।

राज्य के उडुपी-चिकमगलूर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद सदानंद गौड़ा के पक्ष में 62 विधायकों ने मतदान किया, जबकि सीएम की कुर्सी के अन्‍य दावेदार राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री जगदीश शेट्टार को 55 विधायकों का समर्थन मिला। भाजपा के सीनियर नेता धनंजय कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सदानंद गौड़ा को पार्टी विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया है।

सदानंद गौड़ा की छवि एक ऐसे नेता की है, जो विवादों से दूर रहना पसंद करता है। वह वोक्कालिंगा समुदाय से आते हैं। गौड़ा को पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्‍पा के अलावा आर.एस. एस. का भी समर्थन प्राप्‍त है।

येदियुरप्पा अपने इस्पीफे के बाद से ही कोशिश कर रहे हैं कि उनके उत्तराधिकारी के रूप में उनकी पसंद को वरीयता दी जाय। प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सदानंद गौड़ा इनके बेहद करीब माने जाते हैं।

इससे पहले, येदियुरप्पा के धुर विरोधी लोगों ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनंत कुमार के नेतृत्व में जगदीश शेट्टर की उम्मीदवारी पर मुहर लगाने का निर्णय कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, कहा जा रहा है कि येदियुरप्पा ने पार्टी आलाकमान से साफ-साफ कह दिया है कि जगदीश शेट्टर की उम्मीदवारी उनको स्वीकार नहीं होगी।

गौरतलब है कि राज्य में भाजपा के 120 विधायक नए मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर एकमत नहीं हैं। विधायकों का एक समूह उडुपी-चिकमगलूर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य डी.वी. सदानंद गौड़ा को मुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में है, तो वहीं दूसरा समूह ग्रामीण विकास मंत्री जगदीश शेट्टार के पक्ष में है।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here