पटना/भुवनेश्वर ।। प्रमुख नक्सली नेता किशनजी के मारे जाने के बाद नक्सली हमलों की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार को बिहार और ओडिशा में सुरक्षा बलों के लिए हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। एक दिन पहले ही पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में किशनजी मारा गया था। 

एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “सुरक्षित स्थान पाने के लिए नक्सली सीमा पार कर यहां प्रवेश कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “हमने पुलिस व सुरक्षा बलों को सतर्क रहने के लिए कहा है। मयूरभंज जिले में खास सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।” मयूरभंज पश्चिम बंगाल की सीमा के नजदीक है।

पचपन वर्षीय मलोजुला कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी भारतीय कम्युनिस्ट (माओवादी) पार्टी का तीसरा बड़ा नेता था। पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले के बुरिशोल वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ गुरुवार को हुई मुठभेड़ में किशनजी मारा गया था।

ओडिशा के नक्सल प्रभावित जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई हैं क्योंकि किशनजी की मौत का बदला लेने के लिए नक्सली हमला कर सकते हैं।

ओडिशा के 30 जिलों में नक्सली सक्रिय हैं।

पश्चिम बंगाल और झारखण्ड की सीमा पर प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के शीर्ष नेता कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद बिहार में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

राज्य के पुलिस महानिदेशक अभयानंद ने शुक्रवार को बताया कि किशनजी के मारे जाने का बिहार में कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके बावजूद एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद कर दी गई है। 

उन्होंने बताया कि सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि रेल प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है तथा पटरियों पर गश्ती तेज करने का निर्देश दिया गया है।

पश्चिम बंगाल में शीर्ष नक्सली नेता किशनजी के मारे जाने के बाद नक्सली हमलों की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अतिरिक्त महानिदेशक राम निवास ने बताया, “नक्सली हमला कर सकते हैं। वैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सुरक्षाकर्मियों से किशनजी की मौत के बाद अधिक सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।”

पचपन वर्षीय मलोजुला कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी भारतीय कम्युनिस्ट (माओवादी) पार्टी का तीसरा बड़ा नेता था। पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले के बुरिशोल वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ गुरुवार को हुई मुठभेड़ में वह मारा गया था।

किशनजी की मौत का बदला लेने के लिए नक्सली इलाकों में हमले किए जा सकते हैं।

पुलिस को डर है कि नक्सली पुलिस थानों व 40,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले नक्सल प्रभावित बस्तर इलाके में आम लोगों को निशाना बना सकते हैं। बस्तर के आंतरिक इलाकों में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) समानांतर सरकार चलती है।

यहां पुलिस मुख्यालय में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “पश्चिमी छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, रायपुर के जंगली इलाकों और महासमुंद के अलावा बस्तर क्षेत्र के पांच जिलों में नक्सली हिंसा की आशंका है।”

उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों के घने वन क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों को छोटी पुलिस चौकियों व सरकारी संस्थानों पर तैनाती के लिए कहा गया है, वहां हमले की ज्यादा आशंका है।

पश्चिम बंगाल में गुरुवार को एक मुठभेड़ में एक शीर्ष नक्सली नेता किशनजी के मारे जाने के बाद नक्सली हमलों की आशंका को देखते हुए आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

आंध्र प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आंध्र-ओडिशा की सीमा पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों की सूची में शामिल राजनेताओं व अन्य को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

ओडिशा की सीमा से लगे आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले आंध्र पुलिस के ग्रेहाउंड्स कार्यबल ने ऐहतियात के तौर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस जनजातीय इलाकों में वाहनों की भी जांच कर रही है।

उत्तरी आंध्र के विजयानगरम, श्रीकाकुलम और विशाखापट्टनम जिले में पुलिस थानों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नायडू इस समय विशाखापट्टनम जिले की यात्रा पर हैं। साल 2003 में नक्सलियों ने नायडू की हत्या का प्रयास किया था लेकिन तब वह सुरक्षित बच गए थे।

छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे खम्माम जिले में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। महाराष्ट्र की सीमा से लगे इलाकों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।

वारंगल जिले में पुलिस ने आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों के लिए सम्मन जारी किए हैं। गोदावरी नदी के नजदीक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नक्सल प्रभावित इलाकों में संदिग्धों के मकानों की तलाशी ली गई है।

किशनजी के गृह जिले करीमनगर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पचपन वर्षीय मालोजुला कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का तीसरा बड़ा नेता था। पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर जिले में बुरिशोल वन में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया था।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here