नई दिल्ली ।। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा अगले सप्ताह प्रस्तावित अपनी न्यूयार्क यात्रा के दौरान पाकिस्तानी विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार के साथ मुलाकात कर सकते हैं।
कृष्णा की इब्सा और जी-4 देशों के अपने समकक्षों के साथ वार्ता हो सकती है।
कृष्णा संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की बैठक में शामिल होने के लिए 20 सितम्बर को न्यूयार्क की यात्रा पर जाएंगे। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की चार दिनों की न्यूयार्क यात्रा से एक दिन पहले विदेश मंत्री की यात्रा होगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच गत जुलाई में नई दिल्ली में हुई बातचीत के बाद सुधरे रिश्तों को देखते हुए इस बात कि अत्यधिक सम्भावना है कि कृष्णा और खार के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक मनमोहन सिंह और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच बैठक का रास्ता निकाल सकती है।
इसके अलावा विदेश मंत्री श्रीलंका, नेपाल, रूस सहित कई देशों के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कर सकते हैं। द्विपक्षीय बैठकों से इतर कृष्णा भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका (इब्सा) की मंत्रीस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक अगले महीने डरबन में होने वाली इब्सा की बैठक के लिए एक मंच तैयार करेगी।
उल्लेखनीय है कि इब्सा भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका तीन देशों का संगठन है जो दक्षिण-दक्षिण सहयोग और व्यापार को बढ़ावा देता है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों की मांग जहां तेज हो गई है वहीं कृष्णा जी-4 देशों के अपने समकक्षों के साथ वार्ता करेंगे। जी-4 में भारत, जापान, ब्राजील और जर्मनी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह 24 सितम्बर को महासभा को सम्बोधित करेंगे। प्रधानमंत्री से उम्मीद है कि वह वैश्विक संस्था के प्रशासन में सुधार के लिए मजबूती से अपना पक्ष रखेंगे।














