नई दिल्ली ।। भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए मजबूत लोकपाल की मांग कर रहे टीम अन्ना और दिल्ली पुलिस के बीच अनशन स्थल और अवधि को लेकर चला आ रहा गतिरोध बुधवार देर रात समाप्त हो गया। गांधीवादी अन्ना हजारे ने 15 दिनों तक रामलीला मैदान में अनशन करने की पेशकश को स्वीकार कर लिया है।
अन्ना की सहयोगी किरण बेदी ने टि्वटर पर लिखा कि अन्ना ने दिल्ली पुलिस की दो सप्ताह की अनुमति की पेशकश को स्वीकार कर लिया है। अब अन्ना दोपहर बाद तीन बजे से रामलीला मैदान में होंगे।
हजारे के सहयोगी किरण बेदी, प्रशांत भूषण, मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल और दिल्ली पुलिस आयुक्त बीके गुप्ता के बीच देर रात चाणक्यपुरी स्थित गुप्ता के आवास पर करीब 30 मिनट तक चली बातचीत के बाद गतिरोध समाप्त हुआ।
बेदी ने कहा कि पुलिस आयुक्त ने 73 वर्षीय अन्ना को रामलीला मैदान में 14 दिनों तक अनशन करने की अनुमति देने की पेशकश की है। इसके बाद वह, भूषण, सिसोदिया और केजरीवाल तिहाड़ जेल गए और हजारे को इससे अवगत कराया।
इसके अलावा बेदी ने टि्वटर पर लिखा है कि दिल्ली पुलिस ने अस्वीकार्य शर्तों को हटा दिया है और 15 दिनों के अनशन की अनुमति दिये जाने की पेशकश की है। अन्ना ने इसे स्वीकार कर लिया है।
इस आशय की घोषणा हजारे के सहयोगियों ने तिहाड़ जेल के बाहर भी की, जिसका जेल के बाहर जमा सैकड़ों समर्थकों ने हर्ष ध्वनि से स्वागत किया। एक समर्थक ने कहा कि अन्ना की जीत हुई है। हम जन लोकपाल ले कर रहेंगे।














