मुंबई ।। वैश्चिक अनिश्चितता के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों द्वारा की गई जबरदस्त बिकवाली के कारण इस कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 18 महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 1.81 फीसदी या 292.84 अंकों की गिरावट के साथ 15,848.83 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में लगातार पांचवे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई।

सप्ताह के पहले दो कारोबारी दिन सेंसेक्स में दो फीसदी से अधिक की तेजी दिखाई दी, लेकिन इसके बाद सेंसेक्स में लगातार गिरावट जारी रही। शुक्रवार को सेंसेक्स 297.5 अंक या 1.84 फीसदी की गिरावट के साथ 15,848.83 पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के 50 शेयरों वाले संवेदी सूचकांक निफ्टी में भी इस कारोबारी सप्ताह में लगभग दो फीसदी की गिरावट रही। निफ्टी शुक्रवार को 1.9 फीसदी की गिरावट के साथ 4,747.8 पर बंद हुआ।

बीएसई के सभी 13 सेक्टरों में शुक्रवार को गिरावट देखी गई। सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ तीन शेयरों हीरो मोटोकॉर्प [2.7 फीसदी], महिंद्रा एंड महिंद्रा [1.2 फीसदी] और इंफोसिस [0.68 फीसदी] में शुक्रवार को तेजी दर्ज की गई।

सेंसेक्स में गिरावट वाले शेयरों में प्रमुख रहे जयप्रकाश एसोसिएट्स [7.58 फीसदी], डीएलएफ [5.76 फीसदी], टाटा स्टील [4.77 फीसदी] और आरआईएल [4.61 फीसदी]।

एशिया के अन्य प्रमुख बाजारों का रुख मिला-जुला रहा। जापान का निक्के ई 0.29 फीसदी की तेजी के साथ 8,797.78 पर, जबकि हांगकांग का हैंग सैंग 0.86 फीसदी की गिरावट के साथ 19,582.88 पर और चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 0.12 फीसदी गिरावट के साथ 2,612.19 पर बंद हुआ।

यूरोप के अधिकतर बाजारों में गिरावट रही। फ्रांस के सीएसी 40 में 1.01 फीसदी की गिरावट रही और यह 3,087.64 अंक पर बंद हुआ, जर्मनी का डीएएक्स 0.84 फीसदी की गिरावट के साथ 5,537.48 पर और ब्रिटेन का एफटीएसई 100 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ 5,129.92 पर बंद हुआ।

अमेरिकी शेयर बाजार फेडरल रिजर्व के सलाना कार्यक्रम में बेन बर्नाके के भाषण शुरू करते ही शुक्रवार को 1.5 फीसदी की तेजी पर आ गये। इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजारों में लगभग दो फीसदी की गिरावट थी।

डाऊजोंस शुक्रवार को 1.21 फीसदी तेजी के साथ 11,284.50 पर और एसएंडपी 500 सूचकांक 1.51 फीसदी तेजी के साथ 1,176.80 पर बंद हुआ।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here