अहमदनगर [महाराष्ट्र] ।। भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी लोकपाल की मांग को लेकर पिछले दिनों अनशन पर बैठने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे अभी भी थोड़ी कमजोरी महसूस कर रहे हैं, बावजूद इसके वह शुक्रवार शाम को एक रैली को सम्बोधित करेंगे।

अन्ना के स्वास्थ्य की जांच करने वाले उनके निजी चिकित्सक डी.जी.पोटे ने शुक्रवार सुबह कहा कि अन्ना का रक्तचाप और अन्य चीजें सामान्य हैं। नई दिल्ली में 13 दिनों के अनशन के बाद वह कमजोरी महसूस कर रहे हैं।

पोटे ने कहा, “वह सामान्य भोजन ले रहे हैं, जिसमें फल और सब्जियां शामिल हैं लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।”

अन्ना शुक्रवार शाम को अहमदनगर में एक रैली को सम्बोधित करने वाले हैं और आयोजकों ने इसमें 10,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की सम्भावना जतायी है।

पोटे ने कहा कि 74 वर्षीय अन्ना को रैली में कम बोलने की सलाह दी गई है और व्यक्तिगत तौर पर भी लोगों से मिलने और बैठकें करने से दूर रहने को कहा गया है।

अन्ना का पैतृक गांव रालेगांव सिद्धि अहमदनगर जिले में ही स्थित है, जो पुणे से करीब 75 किलोमीटर दूर है।

गौरतलब है कि अन्ना प्रभावी लोकपाल की मांग को लेकर नई दिल्ली में 16 अगस्त को अनशन पर बैठे गए थे। सरकार द्वारा उनकी प्रमुख मांगे मान लिए जाने के बाद 13वें दिन उन्होंने अनशन समाप्त कर दिया।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here