गुड़गांव ।। गुड़गांव की मानेसर इकाई में वाहन निर्माता कम्पनी मारूति सुजुकी के कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। उपायुक्त पी. सी. मीना ने बताया कि हरियाणा सरकार, कम्पनी प्रबंधन और कर्मचारी संघ के बीच समझौते के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ले ली।

मानेसर संयंत्र के कर्मचारी सात अक्टूबर से हड़ताल पर थे। यहां प्रतिदिन औसतन 1,200 वाहन तैयार होते हैं। लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से वाहन निर्माण गहरे ढंग से प्रभावित हुआ। वे उन 44 कर्मचारियों को वापस नौकरी में रखने की मांग कर रहे थे, जिन्हें सात दिन पहले समाप्त हुए एक अन्य गतिरोध के सिलसिले में निलम्बित कर दिया गया था।

अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा तथा पूर्ववर्ती प्रदर्शनों के दौरान निलम्बित 64 कर्मचारियों को वापस लेने के प्रबंधन के फैसले के बाद हड़ताल समाप्त हो गई। 1,200 आकस्मिक कर्मचारियों को भी बरकरार रखने का निर्णय लिया गया, जबकि 30 सहायक कर्मचारियों का निलम्बन वापस नहीं लिया गया।

मानेसर संयंत्र में हड़ताल समाप्त होने के बाद मारूति सुजुकी के शेयर में दो प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।

समझौते के बाद मारूति समूह की सहायक कम्पनी सुजुकी पावरटेन इंडिया और सुजुकी मोटरसाइकिल के कर्मचारियों ने भी हड़ताल वापस ले ली। वे सात अक्टूबर से ही मानेसर संयंत्र के कर्मचारियों के समर्थन में हड़ताल पर थे। ये दोनों समूह कम्पनियां इंजन और दोपहिया वाहन बनाती हैं।

मानेसर संयंत्र में छोटे पैमाने पर काम मंगलवार को ही शुरू हो गया था।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here