भुवनेश्वर ।। ओडिशा में पिछले चार दिनों की भारी बारिश के बाद बाढ़ की हालत बिगड़ने से प्रभावित गांवों में हेलीकॉप्टर से भोजन के पैकेट गिराए जा रहे हैं।
विशेष राहत आयुक्त पी. के. महोपात्रा ने पत्रकारों को बताया, “क्योंझर एवं जाजपुर जिलों में एक हेलीकॉप्टर ने भोजन के पैकेट गिराना शुरू कर दिया है। जल्द ही एक अन्य हेलीकॉप्टर को भी काम में लगाया जाएगा।”
राज्य के बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने कहा कि बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण हुई बारिश से बाढ़ आई है। इससे अबतक जाजपुर, भद्रक, बालासोर, केंद्रपाड़ा, क्योंझर, ढेंकनाल और मयूरभंज जिलों के 911 गांव बाढ़ से घिर गए हैं।
हजारों लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रखी है। ताजा बाढ़ ब्राम्हणी, वैतरणी एवं बूढ़ाबालंगा नदी के कारण आई है।
इससे पहले भी भारी बारिश एवं हीराकुंड बांध से पानी छोड़े जाने के कारण आई बाढ़ से 42 लोग मारे जा चुके हैं।
केंद्रपाड़ा में शुक्रवार को बाढ़ से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है।