श्रीनगर ।। कश्मीर घाटी में शनिवार से सर्दी बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
स्थानीय मौसम विज्ञान कार्यालय में निदेशक सोनम लोटस ने यहां आईएएनएस को बताया, “इस मौसम में पहली बार पूरी घाटी में रात का तापमान शून्य से नीचे पहुंचा है।”
लद्दाख क्षेत्र के लेह में तो शून्य से 10 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया है। यहां सर्दी बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम हिल स्टेशन पर न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में शून्य से 2.2 डिग्री नीचे व उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 0.2 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया।
सोनम ने बताया, “करगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया।”
उन्होंने बताया कि इस महीने के अंत तक सर्द और रूखा मौसम बना रहेगा, घाटी व लद्दाख क्षेत्र में तापमान और भी नीचे पहुंच सकता है।
सोनम ने कहा, “हमें दो दिसम्बर को हल्का हिमपात होने की उम्मीद है, इससे रात का तापमान बढ़ सकता है। तब तक रात के समय आकाश साफ रहने की वजह से तापमान में गिरावट जारी रहेगी।”