पणजी ।। गोवा के एक प्रमुख नागरिक समूह ने योग गुरु बाबा रामदेव पर अनैतिक होने का आरोप लगाया है। सदस्यों का कहना है कि योग गुरु भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के लिए उनके संगठन के नाम का प्रयोग कर रहे हैं।

राज्य में लोगों के लिए उपयुक्त भूमि प्रयोग कानून के समर्थन में 2007 से अभियान चला रही संस्था-गोवा बचाओ अभियान (जीबीए) की संयोजक सबीना मार्टिस ने कहा कि योग गुरु द्वारा शुरू किया गया ‘नया’ गोवा बचाओ अभियान वास्तविक संगठन के कार्यो और उसकी उपलब्धियों को हड़पने की कोशिश है। रामदेव ने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को इस आंदोलन की घोषणा की थी।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, “यह आश्चर्यजनक एवं निराशाजनक है कि बाबा रामदेव को अपनी सामाजिक गतिविधियों के लिए गोआ बचाओ अभियान एवं इसके संक्षिप्त नाम जीबीए की ही जरूरत पड़ी है। इनकी गतिविधियां राजनीतिक बताई जा रही हैं और गोवा विधान सभा चुनावों के कारण यह और बढ़ेंगी।”

मार्टिन ने कहा कि पहले से मौजूद संस्थान के नाम का प्रयोग करना अनैतिक एवं गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्य पिछले चुनावों में भी हुए थे और दुर्भाग्यवश बाबा रामदेव उसे दोहरा रहे हैं।

रामदेव ने अगले वर्ष राज्य विधान सभा चुनावों को देखते हुए शनिवार को गोवा बचाओ अभियान को शुरू किया। उन्होंने कहा, “लोग पूछ रहे हैं कि गोवा में इस नये संगठन को आप क्या नाम देंगे। मैंने कहा इसे गोवा बचाओ अभियान कहेंगे क्योंकि यहां कई मुद्दे हैं जिसका सामना व्यापक रूप से करने की जरूरत है।”

‘वास्तविक’ गोवा बचाओ अभियान की स्थापना 2004 में की गई थी। यह संगठन राज्य सरकार के उस प्रस्ताव के विरोध में सामने आया था, जिसके अंतर्गत सरकार ने नई भूमि प्रयोग नीति लाने की बात कही थी। यह नीति रियल स्टेट लॉबी के पक्ष में गई थी और इसी के विरोध में गोवा बचाओ संगठन का उद्भव हुआ था।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here