नई दिल्ली ।। फर्जीबाड़ा करने के आरोपों का सामना कर रही ऑनलाइन सर्वे कंपनी स्पीक एशिया के वेब डिजाइनर नयन खांडोर को बीते शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया गया है।

गौरतलब है कि इस ऑनलाइन सर्वे कंपनी पर फर्जीबाड़ा करने के कई गंभीर आरोप लगे हैं, जिसके तहत ही पिछले कुछ महीनों से भोपाल पुलिस सहित अन्य राज्यों की पुलिस भी इस केस पर बड़े ही सरगर्मी से काम कर रही है।

सर्वे कंपनी स्पीक एशिया के ऊपर 2,227 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है, जिसे कंपनी ने अपने ग्राहकों से रजिस्ट्रेशन के नाम पर हासिल किये थे। बाद में इसके ग्राहकों ने इस कंपनी के ऊपर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए भोपाल में इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराये थे।

बताया जा रहा है कि कंपनी के सरगना मनोज शर्मा, नयन खांडोर से पिछले साल फरवरी से अपनी वेबसाइट पर नकली ई-जीन और फर्जी सर्वे बनवाते थे, जिसके जरिए लोगों को कमाई का झांसा देकर फांसा और ठगा जाता था।

फर्जी सर्वे और नकली वेब मैगजीन बनाने के लिए नयन खांडोर को हर महीने 1.5 लाख रुपये मिलते थे। मामले में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट भी पकड़ा गया था। इस मामले में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की ओर से कहा जा रहा है कि ऑनलाइन सर्वे कंपनी स्पीक एशिया के मामले में जांच जारी है और आने वाले दिनों में कई और गिरफ्तारियां संभव हैं।

गौरतलब है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ऑनलाइन सर्वे कंपनी स्पीक एशिया के सभी खातों को पहले ही सील कर चुका है। इनकम टैक्स स्पीक एशिया की आय, उसके ट्रांजेक्शन आदि सबकी गहनता से जांच करने में लगी है।

स्पीक एशिया मई 2010 से ही भारत में ऑनलाइन सर्वे का काम करवा रही थी। कंपनी के देशभर में 19 लाख सदस्य भी बन चुके थे। यह कंपनी किसी को अपना सदस्य बनाने के लिए 11,000 रुपए लेती थी और महीने में कुल 8 सर्वे अपने ग्राहकों से कराती थी। अपने ग्राहकों को प्रत्येक सर्वे के लिए 500 रुपए भुगतान करती थी, मतलब की 3 महीने में 11,000 रुपए वसूल हो जाते थे, लेकिन बाद में इसके ग्राहकों ने इस पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद से सरकार और राज्यों की पुलिस इस पर सख्त हो गई।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here