मुम्बई ।। भारत में पहली बार आयोजित विकी सम्मेलन में विकिपीडिया के संस्थापक जिम्मी वेल्स ने शुक्रवार को कहा कि विश्वकोश पर उपलब्ध नक्शे पाठकों एवं संपादकों के दृष्टिकोण के अनुसार होते हैं।

उन्होंने कहा कि तथ्यों के विषय में निर्णय लेने का अधिकार सिर्फ संस्थापकों के पास नहीं है। विकिपीडिया प्रत्येक विषय पर जानकारी उपलब्ध कराने वाली निशुल्क वेबसाइट है।

मुम्बई विश्वविद्यालय के फोर्ट कैम्पस में आयोजित सम्मेलन में वेल्स के सम्बोधन के दौरान बाहर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि विकिपीडिया पर भारत का मानचित्र ‘अवैध’ है।

भाजयुमो के मुम्बई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम ने आईएएनएस से कहा, “विकिपीडिया पर नक्शे में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को हरे रंग से और अरुणाचल प्रदेश को लाल रंग में दिखाया गया है, जैसे कि ये भारत के हिस्से नहीं हैं।” उन्होंने का यह कि यह भारतीय कानून के तहत दंडनीय अपराध है।

वेल्स ने कहा कि विकिपीडिया अपने पाठकों एवं सम्पादकों के दृष्टिकोण को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा, “हम सभी क्षेत्र में तटस्थ दृष्टिकोण रखने की कोशिश करते हैं। पूरे विश्व के लोगों द्वारा विकिपीडिया में भागीदारी की जाती है और यह बहुसंख्यक के दृष्टिकोण को प्रदर्शित करता है।”

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकिपीडिया में सहयोग करने वालों को स्थानीय कानूनों का पालन करना चाहिए।

तीन दिवसीय यह सम्मेलन मुम्बई विकिपीडिया समुदाय और विकिमीडिया द्वारा आयोजित किया गया है।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here