बेंगलुरू ।। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अवैध भूमि घोटाला मामले में येदियुरप्पा ने बुधवार को जहां अपना एक दिन जेल में गुजारा वहीं भ्रष्टाचार का एक और मामला उनके खिलाफ दायर हुआ। भ्रष्टाचार के इस मामले में राज्य के गृह मंत्री आर. अशोका को प्रमुख आरोपी बनाया गया है।

यही नहीं, भ्रष्टाचार के दो मामलों में येदियुरप्पा के दो पुत्रों और दामाद की जमानत रद्द करने की मांग करने वाली एक अन्य याचिका कर्नाटक उच्च न्यायालय में दाखिल की गई। शहर के एक निवासी ने यह याचिका दायर की है।

लोकायुक्त न्यायालय के विशेष न्यायाधीश एन.के. सुधींद्र राव जिन्होंने शनिवार को येदियुरप्पा को जमानत देने से इंकार किया और उन्हें 22 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा, वह गुरुवार को अशोका और येदियुरप्पा के खिलाफ याचिका की सुनवाई करेंगे।

दोनों नेताओं पर आरोप है कि येदियुरप्पा के मुख्यमंत्री रहते इन्होंने उत्तर बेंगलुरू के लोट्टेगोल्लाहल्ली में सरकारी भूमि को अवैध तरीके से गैर अधिसूचित किया जिससे राज्य को 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

ज्ञात हो कि राव ने शनिवार को भ्रष्टाचार के दो मामलों में येदियुरप्पा और पूर्व धर्मार्थ मंत्री एस.एन. कृष्णया शेट्टी को जेल भेजा।

राव ने हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री के दो पुत्रों बी.वाई. राघवेंद्र एवं बी.वाई. विजयेंद्र, दामाद आर. सोहन कुमार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हेमचंद्र सागर सहित 14 अन्य आरोपियों की जमानत मंजूर की है।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here