बर्लिन ।। जर्मनी की राष्ट्रीय फुटबाल टीम ने मंगलवार को हैम्बर्ग में खेले गए दोस्ताना मुकाबले में नीदरलैंड्स टीम को 3-0 से हरा दिया। नीदरलैंड्स पर जर्मन टीम की यह 1996 के बाद पहली जीत है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक जर्मनी के लिए पहला गोल स्ट्राइकर थॉमस मुलर ने 14वें मिनट में किया। इसके बाद दिग्गज मिरोस्लाव क्लोज ने 24वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
क्लोज ने 113वें मुकाबले में जर्मन टीम के लिए 63वां गोल किया। मैच का तीसरा और अंतिम गोल जर्मनी के मिडफील्डर मेसुत ओएजिल ने 66वें मिनट में किया।
मंगलवार को खेले गए अन्य मुकाबलों में युक्रेन ने आस्ट्रिया को 2-1 से हराया जबकि पोलैंड ने हंगरी को भी इसी अंतर से पराजित किया।
अमेरिका ने स्लोवानिया पर 3-2 से जीत दर्ज की जबकि डेनमार्क ने फिनलैंड को 2-1 से हराया। अफ्रीकी देशों में नाइजीरिया ने जाम्बिया को 2-0 से, जिम्बाब्वे ने दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से, गिनी ने बुर्किना फासो को 1-1 से बराबरी पर रोका जबकि घाना ने गेबोन को 2-1 से पराजित किया।