बासेटेरे (सेंट किट्स) ।। मलेशिया के एचआरएच टुनकु इमरान को राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) का नया अध्यक्ष चुना गया है। जमैका के माइक फेनेल के इस वर्ष सेवानिवृत्ति होने के बाद इमरान को चुना गया। इमरान वर्ष 2006 से मलेशिया की ओलम्पिक परिषद और अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) के सदस्य हैं। उन्होंने महासंघ में बतौर उपाध्यक्ष 11 वर्ष तक अपनी सेवाएं दी हैं। इसके अलावा वर्तमान में इमरान खेल समिति के अध्यक्ष हैं।

समाचार एजेंसी सीएमसी के मुताबिक सेंट किट्स में चल रही सीजीएफ की आम सभा की बैठक में इमरान को आधिकारिक रूप से अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया।

पिछले वर्ष अगस्त में अध्यक्ष पद से सेवानिवृत होने की घोषणा से पहले फेनेल 17 वर्ष तक इस पद पर बने रहे। भारत में हुए 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान फेनेल काफी चर्चा में रहे थे।

उल्लेखनीय है कि कुआलालम्पुर (1998), मैनचेस्टर (2002), मेलबर्न (2006) और दिल्ली (2010) में फेनेल की देखरेख में राष्ट्रमंडल खेलों का सफल आयोजन किया गया था।

फेनेल अब सीजीएफ के आजीवन उपाध्यक्ष होंगे। सेंट लूसिया के फॉर्चूना बेलरॉस को कैरेबियन क्षेत्र का उपाध्यक्ष चुना गया है जबकि गुयाना के कलाम आजाद जुमैन-यासिन अमेरिका की जिम्मेदारी सम्भालेंगे।

उल्लेखनीय है कि सीजीएफ की इस बैठक में वर्ष 2018 में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेल की मेजबानी करने वाले देशों नामों की घोषणा कि जाएगी जिसके लिए आस्ट्रेलिया ने गोल्ड कोस्ट और श्रीलंका ने हम्बनटोटा शहर की अपनी दावेदारी पेश की है। वर्ष 2014 में राष्ट्रमंडल खेल का आयोजन स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here