लंदन ।। भारत के टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने लंदन में 20-27 नवम्बर तक खेली जाने वाली एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने की योग्यता हासिल कर ली है।
‘इंडियन एक्सप्रेस’ के नाम से विख्यात पेस और भूपति की जोड़ी ने शुक्रवार को शंघाई मास्टर्स चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही यह योग्यता हासिल कर ली। पेस और भूपति की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में ब्राजील के थॉमस बेलूची और क्रोएशिया के इवान डोडिग को 6-3, 6-4 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
‘एटीपी’ की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, पेस और भूपति की जोड़ी इस चैम्पियनशिप के लिए योग्यता हासिल करने वाली पांचवीं जोड़ी है। इससे पहले बॉब ब्रायन और माइक ब्रायन, माइकल लोड्रा और नेनाद जिमोनजिक, मैक्स मिर्नी और डेनिएल नेस्टर, जर्गेन मेल्जर और फिलिप पेट्श्नर की जोड़ी इस चैम्पियनशिप में खेलने की योग्यता हासिल कर चुकी है।














