नई दिल्ली ।। भारत की युगल विशेषज्ञ महिला बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा और उनकी जोड़ीदार अश्विनी पोनप्पा को चीन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के चौथे दिन शुक्रवार को तीसरे दौर के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। गुट्टा और पोनप्पा की जोड़ी को जापान की मिजुकी फुजी और रेइका काकिवा की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने 22-20, 21-11 से हराया। यह मुकाबला 43 मिनट तक चला।

दोनों जोड़ियों के बीच यह तीसरी भिड़ंत थी। जापानी जोड़ी ने दो बार जीत हासिल की है। गुट्टा-पोनप्पा ने इस वर्ष कोरिया ओपन के दौरान काकिवा और फुजी को हराया था।

गुट्टा और पोनप्पा ने दूसरे दौर के मुकाबले में अमेरिका की इरिस वांग और रीना वांग की जोड़ी को 21-9, 21-12 से पराजित किया था। इन जोड़ीदारों के बीच यह पहली भिड़ंत थी।

इस भारतीय जोड़ी की हार के साथ चीन ओपन में भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी है। महिला वर्ग में सायना नेहवाल को बुधवार को पहले ही दौर में हार मिली थी। इसके अलावा पुरुष खिलाड़ी पुरूपल्ली कश्यप और अजय जयराम पहले ही दौर में हार गए थे। 

गुट्टा ने मिश्रित युगल वर्ग के दूसरे दौर में जगह बनाई थी लेकिन वह तथा उनके जोड़ीदार वी. दीजू को डेनमार्क के जोएकिम फिशर नील्सन और क्रिस्टिना पेडरसन की जोड़ी ने 21-14, 21-14 से पराजित किया था। 

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here