भोपाल ।। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुए सदी के सबसे बड़े औद्योगिक हादसों में से एक गैस त्रासदी के दोषी डाव केमिकल कम्पनी को लंदन ओलम्पिक 2012 में आंशिक रूप से प्रायोजक बनाने का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से डॉव कम्पनी की प्रायोजक के रूप में भागीदारी जारी रहने की दशा में लंदन ओलम्पिक का बहिष्कार करने का आग्रह किया है। 

केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अजय माकन को बुधवार को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि लंदन ओलम्पिक 2012 को अमेरिका की डाव केमिकल कम्पनी आंशिक रूप से प्रायोजित कर रही है। उन्होंने अपने पत्र में केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकृष्ट किया है कि डाव केमिकल कंपनी 1984 की भोपाल गैस त्रासदी के लिए जिम्मेदार है। अभी तक इसकी देनदारियां खत्म नहीं हुई है। कानूनी कार्रवाई चल रही है, जिसमें भारत सरकार भी शामिल है।

चौहान ने कहा कि यह उचित नहीं है कि इतनी भीषण त्रासदी के लिये जिम्मेदार कम्पनी ओलम्पिक जैसे आयोजन को प्रायोजित करे। ओलंपिक का आयोजन निष्पक्ष खेल, ईमानदारी, स्वस्थ प्रयास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जो धन ओलम्पिक के आयोजन को प्रायोजित करने में खर्च होगा उसका उपयोग भोपाल के गैस त्रासदी प्रभावित लोगों की परेशानी कम करने में खर्च करना ज्यादा उपयोगी होगा।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here