नई दिल्ली ।। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता में व्याप्त आक्रोश के कारण कांग्रेस को हरियाणा में हिसार लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।

हिसार उपचुनाव में कांग्रेस की हार को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे और उनके सहयोगियों ने कांग्रेस के खिलाफ वोट देने के लिए मतदाताओं से अपील की थी। इस सीट पर हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी) और भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई विजयी हुए हैं। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के उम्मीदवार अजय चौटाला जहां दूसरे स्थान पर रहे, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी जयप्रकाश तीसरे स्थान पर चले गए।

भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने संवाददाताओं से कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा, “उपचुनाव के परिणाम से स्पष्ट होता है कि देश की जनता ने भ्रष्टाचार और कांग्रेस के खिलाफ वोट दिया है।”

जोशी ने कहा, “यह लोकतंत्र की जीत है.. इससे इस बात का भी संकेत मिलता है कि देश में राजनीतिक हवा का रुख क्या है।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष, सुषमा स्वराज ने हरियाणा के लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि एचजेसी के साथ उनका गठबंधन जारी रहेगा। स्वराज ने ट्विटर पर कहा, “हरियाणा के लोगों, खासतौर से हिसार के मतदाताओं को भाजपा-एचजेसी गठबंधन को समर्थन देने और गठबंधन के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई को विजयी बनाने के लिए धन्यवाद।” स्वराज ने कहा, “भाजपा-एचजेसी गठबंधन भविष्य में भी बरकरार रहेगा।”

ज्ञात हो कि हिसार लोकसभा सीट, भजन लाल के निधन के बाद जून में खाली हो गई थी। बिश्नोई, भजन लाल के बेटे हैं।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here