न्यूयार्क ।। बाजार में छाई निराशा और यूरोपीय कर्ज संकट के बीच जुलाई-सितम्बर तिमाही में अमेरिकी शेयर बाजार में पिछले तीन सालों की सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक डाऊ जोंस में आलोच्य तिमाही में लगभग 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जो 2009 की पहली तिमाही के बाद से सबसे बड़ी गिरावट है। एसएंडपी500 और नैस्डैक में भी आलोच्य तिमाही में क्रमश: 14 फीसदी और 12 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जो 2008 की आखिरी तिमाही के बाद सबसे बड़ी गिरावट है।

शुक्रवार को उपभोक्ता संवेदना और निर्माण क्षेत्र में उम्मीद से बेहतर प्रगति दर्ज किए जाने के बावजूद बाजार में गिरावट दर्ज की गई। इस अवसर का उपयोग निवेशकों ने बिकवाली कर घाटे की यथासम्भव भरपाई करने में किया।

शिकागो क्षेत्र में विनिर्माण गतिविधि अगस्त के 56.5 अंक से बेहतर सितम्बर महीने में 60.4 अंक पर दर्ज की गई। वाणिज्य विभाग के मुताबिक अगस्त में उपभोक्ता खर्च में 0.2 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि उपभोक्ता आय में इस अवधि में 0.1 फीसदी की गिरावट हुई, जो अक्टूबर 2009 के बाद पहली गिरावट है।

शुक्रवार को डाऊ जोंस 2.16 फीसदी या 240.60 अंक की गिरावट के साथ 10,913.38 अंक पर, एसएंडपी500 2.50 फीसदी या 28.98 अंक की गिरावट के साथ 1,131.42 पर और नैस्डैक 2.63 फीसदी या 65.36 अंक की गिरावट के साथ 2,415.40 अंक पर बंद हुआ।

कच्चे तेल के मामले में न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज में सल्फर की कम मात्रा वाले लाईट स्वीट क्रूड की नवम्बर माह की अदायगी 3.58 फीसदी या 2.94 डॉलर की गिरावट के साथ 79.20 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुई। एक महीने में इसमें 10.82 फीसदी और एक तिमाही में इसमें 17 फीसदी की गिरावट हुई है।

लंदन में ब्रेंट क्रूड की नवम्बर माह की अदायगी 1.14 फीसदी या 1.19 डॉलर की गिरावट के साथ 102.76 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुई। पिछली एक तिमाही में इसमें 8.64 फीसदी की गिरावट हुई है, जो पिछली पांच तिमाही में सबसे बड़ी गिरावट है।

शुक्रवार को न्यूयार्क में अमेरिकी डॉलर में अधिकतर प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले थोड़ी मजबूती आई और डॉलर सूचकांक 0.7 फीसदी की तेजी के साथ 78.58 अंक पर दर्ज किया गया।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here