मुम्बई ।। शुक्रवार को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश के शेयर बाजारों में मुनाफा वसूली के कारण गिरावट का रुख देखा गया। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में 1.74 फीसदी की गिरावट आई।

बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह की तुलना में 297.05 अंकों की गिरावट के साथ 16,785.64 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी इस अवधि में 1.6 फीसदी या 82.35 अंकों की गिरावट के साथ शुक्रवार को 5,049.95 पर बंद हुआ।

बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी इस अवधि में गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप में 1.26 फीसदी और स्मॉलकैप में 1.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार की ताजा स्थिति के बारे में कोटक सिक्योरिटीज के दीपेन शाह ने कहा, “यूरोपीय ऋण संकट एवं ऊंची महंगाई दर के कारण इस हफ्ते शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। खाद्य महंगाई दर के दहाई अंक के करीब पहुंचने के कारण रिजर्व बैंक द्वारा प्रमुख दरों में वृद्धि का अनुमान है।”

इस हफ्ते जिंदल स्टील (7.2 फीसदी), हीरो मोटोकार्प (4.2 फीसदी), एसबीआई (चार फीसदी) और बजाज ऑटो (3.8 फीसदी) बढ़त बनाने वाले प्रमुख शेयर रहे।

साथ ही लार्सन एंड टुब्रो (5.7 फीसदी), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (4.8 फीसदी), जयप्रकाश एसोसिएट्स (4.5 फीसदी) और डीएलएफ (4.3 फीसदी) के शेयरों में अच्छी गिरावट दर्ज की गई।

एशिया के अन्य बाजारों में भी इस सप्ताह गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्के ई 0.79 फीसदी की गिरावट के साथ 8,678.89 पर और हांगकांग का हैंग सैंग 2.57 फीसदी की गिरावट के साथ 18,025.79 पर बंद हुआ।

चीन का शंघाई कम्पोजिट सूचकांक 4.69 फीसदी की गिरावट के साथ 2,317.28 पर बंद हुआ।

यूरोपीय कर्ज संकट के समाधान की आशा दिखने के कारण मध्य यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला।

ब्रिटेन का फुट्सी100 0.41 फीसदी तेजी के साथ 5,488.65 पर, जर्मनी का डैक्स बिना किसी विशेष परिवर्तन के 5,970.2 पर और फ्रांस का सीएसी40 1.45 फीसदी की गिरावट के साथ 3,171.34 पर बंद हुआ।

अमेरिका का डाऊ जोंस 1.41 फीसदी की तेजी के साथ 11,808.79 पर, एसएंडपी500 1.12 फीसदी तेजी के साथ 1,238.58 पर और नैस्डैक 1.4 फीसदी की गिरावट के साथ 2,637.46 पर बंद हुआ।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here