टोक्यो ।। जापान ने शुक्रवार को शुरू हुए डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ मुकाबलों में भारत पर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। जापान ने पहले दिन खेले गए दोनों एकल मुकाबले अपने नाम किए। युगल मुकाबला शनिवार को और उलट एकल (रिवर्स सिंगल) मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे।

पहले एकल मुकाबले में जापान के युची सुगीता ने भारत के सोमदेव देवबर्मन को 6-3, 6-4, 7-5 से पराजित किया जबकि दूसरे एकल मुकाबले में जापान के शीर्ष खिलाड़ी केई निशीकोरी ने भारत के रोहन बोपन्ना पर 6-3, 6-2, 6-2 से जीत दर्ज की।

सोमदेव भारत के सर्वोच्च और विश्व के 65वीं वरीयता प्राप्त एकल टेनिस खिलाड़ी हैं जबकि सुगीता विश्व के 175वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। दूसरी ओर, एकल में 559वीं वरीयता प्राप्त बोपन्ना डेविस कप में केवल एकल मुकाबले में खेलते हैं जबकि निशीकोरी विश्व के 55वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।

शनिवार को युगल मुकाबले में भारत के महेश भूपति और विष्णु वर्धन का सामना जापान के निशीकोरी और गो सोएदा के साथ होनी है। विष्णु को लिएंडर पेस की गैरमौजूदगी में युगल में खेलने का मौका मिला है। पेस अमेरिकी ओपन के दौरान चोटिल हो गए थे।

रविवार को खेले जाने वाले उलट एकल मुकाबले में सोमदेव की भिड़ंत निशीकोरी के साथ होगी जबकि सुगिता भारत के बोपन्ना से भिड़ेंगे। सोमदेव और निशीकोरी पहली बार आमने-सामने होंगे। इसी तरह बोपन्ना और सुगिता भी पहली बार एक दूसरे से भिड़ेंगे।

जापान और भारत के बीच अब तक कुल 21 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से भारत ने 18 मैच जीते हैं जबकि तीन मैच जापान के हिस्से में गए हैं। जापान की टीम 2004 के बाद पहली बार जीत की ओर बढ़ रही है। उसने नई दिल्ली में एशिया-ओसेनिया ग्रुप-1 के पहले दौर में भारत को 3-2 से हराया था।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here