नई दिल्ली/मुंबई/रायपुर/भोपाल/लखनऊ/जोधपुर/पटना/शिमला ।। अन्ना हजारे की गिरफ्तारी के बाद पूरे देश में जन आंदोलनों की बाढ़ आ गई है। लोग अन्ना के समर्थन में सड़कों पर उतर आये हैं। लोग अन्ना के समर्थन में सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं। अन्ना के गांव रालेगन सिद्धि, पुणे और मुम्बई में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

अन्ना के समर्थन में महाराष्ट्र में आंदोलन

जैसे ही अन्ना हजारे और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किए जाने की खबर आई, लोग रालेगन सिद्धि गांव पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। गांव में अभूतपूर्व बंद रखा गया है। अन्ना की गिरफ्तारी के विरोध में कई गावों में महिलाएं भी सड़क पर उतर आईं हैं। प्रदर्शन कर रहे लोग सरकार विरोधी नारे बुलंद कर रहे हैं।

राज्य सरकार की तरफ से पुणे, अहमदनगर, औरंगाबाद और नासिक में सुरक्षा के पुख्ता इंजताम किए गए थे। पुणे में अन्ना हजारे के हजारों समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया वहीं दूसरी ओर मुम्बई में दादर के निकट लोग एकत्र होने लगे हैं।

मुम्बई के आजाद मैदान में मंगलवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। इस प्रदर्शन में प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटेकर के भी आने की सम्भावना है।

इससे पहले समाजसेवी अन्ना हजारे और उनके सहयोगियों अरविंद केजरीवाल, पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी और वरिष्ठ वकील शांति भूषण को 250 समर्थकों के साथ मंगलवार सुबह दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।

जन लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर दिल्ली में मंगलवार से आमरण अनशन शुरू करने से पहले समाजसेवी अन्ना हजारे को हिरासत में लिए जाने को मध्य प्रदेश सरकार ने दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कांग्रेस पर लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

अन्ना के समर्थन में मध्य प्रदेश में आंदोलन

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि बढ़ते भ्रष्टाचार से हर व्यक्ति परेशान है और वह इससे छुटकारा पाना चाहती है। उन्होंने आगे कहा कि अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई, तो उन्हें ही हिरासत में ले लिया गया। कांग्रेस की इच्छा के विपरीत जो करता है, उसे केंद्र सरकार गलत करार दे देती है।

मिश्रा ने अन्ना को हिरासत में लिए जाने को लोकतंत्र का गला घोटने की कोशिश बताया है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले अन्ना हजारे को मध्य प्रदेश में भी भारी जन समर्थन मिल रहा है। राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों में लोग उनके समर्थन में अनशन कर रहे हैं।

केंद्र सरकार के लोकपाल विधेयक की बजाय जन लोकपाल विधेयक लाए जाने की मांग को लेकर 16 अगस्त से अनशन का एलान करने वाले अन्ना हजारे के समर्थन में लोगों ने जगह-जगह अनशन शुरू कर दिया है।

भोपाल के एमएसीटी चौराहे के करीब इंडिया अगेंस्ट करप्शन के बैनर तले अनशन चल रहा है। अनशन में शामिल लोगों का कहना है कि सरकार ने दिल्ली में अन्ना हजारे को हिरासत में ले लिया है, मगर देश का हर व्यक्ति आज उनके साथ खड़ा है। यही कारण है कि सरकार डर गई है।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे का कहना है कि अन्ना हजारे भ्रष्टाचार के खिलाफ जन लोकपाल विधेयक लाना चाहते हैं, मगर सरकार ऐसा नहीं चाहती। यही कारण है कि अन्ना हजारे को अनशन करने से रोका गया है।

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अन्ना हजारे के समर्थन में अनशन का दौर जारी है। लोग हाथ में तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल पड़े हैं। गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल में भी कई संगठनों ने धरने प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। यादगार-ए-शाहजानी पार्क में प्रदर्शनकारी मंगलवार सुबह से ही जुटने लगे हैं। गैस पीडि़त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले यहां प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अलावा कोहेफिजा के शहीद स्मारक में राष्ट्रीय जागरण मंच ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

अन्ना के समर्थन में बिहार में आंदोलन

अन्ना हजारे और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद उनके जन लोकपाल विधेयक के समर्थन में मंगलवार को पटना सहित बिहार के लगभग सभी क्षेत्रों के लोग सड़कों पर उतर आये हैं। पटना में जहां अन्ना की गिरफ्तारी के विरोध में धरना और अनशन हो है, वहीं शेखपुरा और पूर्णिया सहित कई क्षेत्रों में जुलूस निकाला जा रहा है।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान के समीप कारगिल चौक पर सैकड़ों लोग अन्ना के समर्थन में सुबह से ही धरना और अनशन पर बड़े-बड़े बैनर और पोस्टर लेकर बैठे हैं। धीरे-धीरे इस स्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। अनशन कार्यक्रम में बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं।

धरना पर बैठे शिक्षाविद् एन. के. चौधरी ने कहा कि अन्ना की गिरफ्तारी भारत में जनतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। वर्ष 1974 में जयप्रकाश नारायण का आंदोलन जो मुख्य रूप से भ्रष्टाचार के विरोध में था, बिहार से प्रांरभ हुआ था और इस आंदोलन में भी बिहार के लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगे। उन्होंने सभी छात्रों, शिक्षकों और बुद्धिजीवियों से इस आंदोलन में आगे आने की अपील की।

अनशन स्थल पर बड़ी संख्या में बच्चे और महिलाएं मौजूद हैं। बच्चे भारत माता और भ्रष्टाचार का प्रतीकात्मक रूप लिए हुए हैं। पटना में कई चौक-चौराहों पर अन्ना समर्थक खड़े होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहे हैं। इस आंदोलन में वकील, शिक्षाविद, समाजसेवी, छात्र सहित सभी तबके के लोग शामिल हो रहे हैं।

अन्ना के समर्थन में शोलापुर में आंदोलन

शोलापुर में अन्ना की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे  करीब एक हजार लोगों ने अपनी गिरफ्तारी दी है।

अन्ना के समर्थन में जोधपुर में आंदोलन

अन्ना हजारे की मंगलवार सुबह दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने जोधपुर में अनशन शुरू कर दिया है। इंडिया अंगेस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के पास स्थित गांधी स्टेच्यू पर अपना अनशन शुरू कर दिया है। अनशन में गोपीलाल सुथार, मांगीलाल बेनीवाल, महेंद्र बोहरा, राजेंद्र प्रसाद तत्ववेदी व मोहम्मद आरिफ आमरण अनशन पर बैठे हैं।

इसके अलावा इनके समर्थन में चालीस अन्य लोग भी इनके समर्थन में क्रमिक अनशन पर बैठें हैं। अन्ना की गिरफ्तारी की सूचना के बाद से ही मंगलवार सुबह कार्यकर्ताओं का यहां जुटना शुरू हो गया था। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अन्ना के समर्थन में कुछ भी करने को तैयार हैं।

गौरतलब है कि जोधपुर में सोमवार शाम को इंडिया अंगेस्ट करप्शन की अपील में शहर के युवाओं ने बारिश के बीच में मशाल जुलूस निकाल कर अन्ना को समर्थन देने की घोषणा की थी।

अन्ना के समर्थन में इंदौर में आंदोलन

दिल्ली में अन्ना हजारे की गिरफ्तारी को लेकर इंदौर में भी खासा जनआक्रोश है। गिरफ्तारी के विरोध में शहर में कई संगठनों ने धरने प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

राजवाड़ा के करीब कृष्णबाग छत्री और छावनी चौराहे पर प्रदर्शनकारी मंगलवार सुबह से ही जुटने लगे थे। लोग केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में महिला, युवा बुजुर्ग और किशोर शामिल हैं।

राजवाड़ा के करीब इंडिया अगेन्स करेप्शन के सदस्यों ने धरना प्रदर्शन जारी रखा है। वहीं छाबनी चौराहे पर शहर भाजपा ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। इन संगठनों के लोग अन्ना हजारे को रिहा करने की मांग कर रहे हैं, साथ ही जनता की इच्छा के अनुरूप लोकपाल बिल लागू करने की मांग कर रहे हैं। 

अन्ना के समर्थन में जबलपुर में आंदोलन

दिल्ली में अन्ना की गिरफ्तारी के विरोध में जबलपुर में भी विरोध किया जा रहा है। गिरफ्तारी के विरोध में शहर के कई संगठनों ने धरने प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।

शहर के सिविक सेंटर पर मंगलवार सुबह से ही लोग जुटने लगे थे। युवाओं की टोली नारेबाजी करती रही। लोग अन्ना हजारे सहित गिरफ्तार उनके साथियों को रिहा करने की मांग कर रही है।

अन्ना के समर्थन में रायपुर में आंदोलन

जन लोकपाल बिल के मुद्दे पर रायपुर से लगे इलाकों के ग्रामीणों ने अन्ना हजारे को समर्थन दिया है। मंगलवार को सुबह 10 बजे महादेव घाट रोड स्थित रायपुरा में बड़ी संख्या में नागरिक जुट गए हैं। इसमें कई संगठन के लोग शामिल हैं, हालांकि उन्होंने किसी संगठन को आगे नहीं किया है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे शेखर वंबादे ने बताया कि महादेव घाट रोड में नागरिक इकठ्ठा  हो रहे हैं। यह केंद्र सरकार की दमनात्मक नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन है। इसमें हिंसा नहीं की जाएगी।

अन्ना के समर्थन में हिमाचल में अनशन

अन्ना हजारे के समर्थन में हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में मंगलवार सुबह कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया। अन्ना हजारे को राजधानी दिल्ली में उनके प्रस्तावित अनशन से पहले ही हिरासत में ले लिया गया है।

सूचना का अधिकार [आरटीआई] कार्यकर्ता लावन ठाकुर ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार, हमने सख्त लोकपाल विधेयक के समर्थन में अपना अनशन शुरू किया है। चूंकि पुलिस ने अन्ना को हिरासत में ले लिया है, लिहाजा हमने अपनी पूर्व योजना के मुताबिक काम करने का निर्णय लिया है। जरूरत पड़ने पर हम गिरफ्तारी भी देंगे। ठाकुर ने कहा कि अन्ना को हिरासत में लिया जाना खेदजनक है।

अन्ना के समर्थन में लखनऊ में आंदोलन

दिल्ली पुलिस द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

हजारे की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर समाज के विभिन्न वर्गो के लोगों ने शहर के हजरतगंज, अमीनाबाद, गोमतीनगर, अलीगंज और महानगर इलाकों में प्रदर्शन किया।

सरकारी लोकपाल विधेयक के खिलाफ नारे लगाते हुए लोगों ने दिल्ली पुलिस की कारवाई की निंदा की। सख्त लोकपाल की मांग को लेकर हजारे के मंगलवार को प्रस्तावित अनशन से पहले ही दिल्ली पुलिस ने उन्हें और उनके सहयोगियों को हिरासत में लिया।

अन्ना के समर्थन में इंडिया अगेन्स्ट करप्शन के सदस्य राजधानी के झूलेलाल पार्क में अनशन कर रहे हैं। अनशन में शामिल होने के लिए समाज के विभिन्न वर्गो के लोग भी पहुंच रहे हैं।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here