पटना ।। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने ब्लॉग पर लिखा है, “पिछले विधानसभा चुनाव में लोगों से किया गया एक वादा पूरा हुआ है। परंतु यह भ्रष्टाचारियों के खिलाफ शुरुआत भर है, भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग जारी रहेगी।” इन शब्दों के साथ कुमार ने अपनी भावी योजना का खुलासा किया है।

मुख्यमंत्री ने लगभग दस माह बाद अपने ब्लॉग पर अपने दिल की बातें लिखी हैं। ब्लॉग पर भ्रष्टाचारियों को सुधर जाने की चेतावनी दी गई है, साथ ही सरकार पर जनता का भरोसा बढ़ाने के लिए भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने हेतु लड़ाई जारी रखने का एलान भी किया गया है।

ब्लॉग से दूर रहने के बारे में मुख्यमंत्री ने लिखा है कि दरअसल उन्हें एक सार्थक क्षण का इंतजार था। वह क्षण आ गया है। उन्होंने चुनाव के समय बिहार की जनता से भ्रष्टाचारियों की सम्पत्ति जब्त कर उसमें विद्यालय खोलने का जो वादा किया था, वह पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसा देश में पहली बार हुआ है। यह भ्रष्टाचार के विरुद्घ संकल्प का प्रतीक है।

कुमार ने मंगलवार को अपने ब्लॉग पर अपनी संपति के अलावा सरकार के सभी मंत्रियों और अधिकारियों की सम्पत्तियों के ब्योरे देने की भी चर्चा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिहार के दौरे के दौरान निचले स्तर पर भ्रष्टाचार की कई शिकायतें मिली थीं। बिहार की जनता को उनके कार्यो के लिए अब टाला नहीं जा सकता, क्योंकि सरकार ने पिछले माह सेवा का अधिकार कानून लागू किया है।

कुमार ने ब्लॉग पर भ्रष्टाचार और विकास कार्यो पर आमजनों से विचार भी आमंत्रित किए हैं।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here