शिमला ।। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रदेश की 70 प्रतिशत आबादी राज्य सरकार के स्वास्थ्य संस्थानों का लाभ उठाती है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर केवल 30 प्रतिशत लोग ही सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जाते हैं।

धूमल ने यह बात प्रसूति विज्ञान एवं स्त्री रोग विज्ञान के हिमाचल चैप्टर द्वारा यहां शनिवार शाम प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान विषय पर आयोजित सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में हिमाचल प्रदेश शीर्ष राज्य बनकर उभरा है। राज्य में गुणात्मक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गई हैं और अधिकांश लोग सरकारी क्षेत्र के अस्पतालों में ही अपना उपचार करवाने में विश्वास रखते हैं।

धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों एवं योजनाओं का प्रमुख केंद्र निर्धनतम व्यक्ति हैं, जिन्हें सामाजिक एवं आर्थिक स्तर में सुधार के लिए व्यापक अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के मुकाबले हिमाचल में महिला लिंग अनुपात में सुधार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 30 और स्नात्कोत्तर सीटों के लिए भारतीय चिकित्सा परिषद में मामला उठाया है। प्रदेश में दो और मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिससे एमबीबीएस की 200 सीटें बढ़ेंगी। इससे प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त चिकित्सक और विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध होंगे।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here