धार ।। मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार को विषाक्त प्रसाद खाने से 200 लोग बीमार पड़ गए। उपचार के बाद देर रात अधिकत्तर लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
नालछा के करीब जीरापुर स्थित देवी मंदिर में रविवार को चुनरी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया। इस मौके पर प्रसाद के रूप में साबूदाने की खिचड़ी बांटी गई। इस प्रसाद को खाने के बाद लोगों की तबियत बिगड़ने लगी।
पेट दर्द व उल्टी की शिकायत पर लगभग 200 लोगों को नालछा व धार के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। बीमार पड़ने वालों में अधिकत्तर बच्चे थे। देर रात तक बीमार लोगों को अस्पताल लाया जाता रहा।
चिकित्सा अधिकारी जे.पी. सिंह ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में लाए गए मरीज विषाक्त भोजन के शिकार थे। आशंका जताई जा रही है कि साबूदाने की खिचड़ी खाने के बाद तबियत बिगड़ी।