मेरठ ।। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त गिरोह की महिला सरगना सहित छह सदस्यों को असलहों की खेप के साथ गिरफ्तार किया।
जिले के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम पुलिस ने गोलीबारी के बाद नसीम उर्फ मासो (45) और उसके पांच साथियों को छह अवैध पिस्टलों और कुछ जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। सभी मेरठ निवासी हैं।
वरिष्ठ उप-निरीक्षक थान सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, “गुप्त सूचना पर जब कार सवार तस्करों को रोका गया तो उन्होंने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई के बाद सभी को पकड़ लिया गया। प्रारम्भिक पूछताछ से पता चला कि ये लोग पिछले पांच-छह सालों से अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त थे। नसीम गिरोह की सरगना थी।”
सिंह ने बताया, “गिरफ्तार तस्कर बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार लाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और हरियाणा में मौजूद ग्राहकों और अपराधी गिरोहों को उनकी आपूर्ति करते थे।”