नई दिल्ली, Hindi7.com ।। इयान बेल को आउट दिये जाने के बाद उनको फिर से बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किये जाने के फैसले से अंग्रेज जरूर खुश हैं, लेकिन धोनी के इस फैसले से टीम इंडिया की टेस्ट बादशाहत को करारा झटका लगा सकता है। दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड 6 विकेट के नुकसान पर 441 रन बना लिए हैं और अब उसकी कुल बढ़त 374 रन की हो गई है।
मैट प्रायर 64 रन और टिम ब्रेसनन 47 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। इन दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए नाबाद 102 रनों की साझेदारी हो चुकी है। इससे पहले बेल [159] की पारी ने इंग्लैंड को मजबूती प्रदान की। विकेट पर जम चुके बेल को क्रिकेट नियमों के तहत आउट करने का एक मौका मिला था, जिसे धोनी की दरियादिली ने जाया कर दिया।
गौरतलब है कि टी टाइम से पहले अंतिम गेंद पर बेल दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए थे, लेकिन टी के बाद कप्तान धोनी ने उन्हें वापस बुला लिया। 66वें ओवर की आखिरी गेंद पर मोर्गन ने इशांत शर्मा की गेंद को खेला, जिसे प्रवीण कुमार ने बाउंड्री पर शानदार तरीके से रोक लिया। इंग्लैंड बल्लेबाजों ने सोचा कि यह चौका है। यह सोचकर की अब टी टाइम हो गया है, दोनों क्रीज से बाहर निकल आए। तभी, प्रवीण की थ्रो पर अभिनव मुकुंद ने बेल की गिल्लियां उड़ा दी। धोनी की इस अपील पर अंपायर भी असमंजस में पड़ गए, लेकिन नियम अनुसार, उन्हें बेल को आउट देना पड़ा।














