लंदन ।। “द वॉल” राहुल द्रविड़ ने इंग्लैंड के खिलाफ ओवल में चल रहे चौथे और अंतिम टेस्ट मैच की पहली पारी में रविवार को अपने करियर का 35वां टेस्ट शतक जड़कर सुनील गावस्कर और ब्रायन लारा को सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पीछे छोड़ दिया।

द्रविड़ अपने 35वें सैकड़े के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गये हैं। उन्होंने हमवतन गावस्कर और वेस्टइंडीज के लारा को पीछे छोड़ दिया है। गावस्कर ने 125 टेस्ट में, जबकि लारा ने 131 टेस्ट मैचों में 34-34 शतक लगाये हैं।

अपना 157वां टेस्ट मैच खेल रहे द्रविड़ से अधिक शतक अब केवल सचिन तेंदुलकर [51], दक्षिण अफ्रीका के जॉक कैलिस [40] और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग [39] के नाम दर्ज हैं।

यह इस श्रृंखला में उनका तीसरा शतक है। द्रविड़ के करियर में यह दूसरा अवसर है, जबकि उन्होंने एक श्रृंखला में तीन शतक लगाये हैं। इससे पहले उन्होंने 2002 में इंग्लैंड दौरे में ही चार मैचों की श्रृंखला में तीन शतक जड़े थे।

द्रविड़ का यह इंग्लैंड के खिलाफ सातवां और उसकी सरजमीं पर छठा शतक है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ छह, पाकिस्तान के खिलाफ पांच, वेस्टइंडीज के खिलाफ चार, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और बांग्लादेश के खिलाफ तीन-तीन, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो-दो शतक लगाये हैं।

द्रविड़ का यह विदेशी धरती पर 21वां शतक है, जबकि 14 शतक उन्होंने भारतीय सरजमीं पर लगाये हैं। विदेशी सरजमीं पर उनसे अधिक शतक केवल तेंदुलकर [29] के नाम पर दर्ज हैं। द्रविड़ का यह इस साल का चौथा और सलामी बल्लेबाज के रूप में भी चौथा शतक है। महेंद्र सिंह धोनी के कप्तान रहते हुए द्रविड़ ने अपना दसवां शतक लगाया है।

Rate this post

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here